प्रयागराज। यूपी रोडवेज मुख्यालय की ओर से प्रयागराज परिक्षेत्र को जल्द ही दो पिंक बसें मिलेंगी। इन बसों का संचालन कहां होगा उसका निर्धारण अभी रोडवेज ने नहीं किया है। चर्चा है इन दोनों बसों का संचालन प्रयागराज से लखनऊ और वाराणसी रूट के लिए किया जाएगा। पिंक बसों के अलावा परिक्षेत्र की ओर से जनरथ बसों की भी मांग की गई है।
वर्तमान में प्रयागराज परिक्षेत्र के पास एक भी पिंक बस नहीं है। अभी यहां आलमबाग डिपो लखनऊ की दो बसें नियमित रूप से प्रयागराज आ रही है। खासतौर से महिला यात्रियों के लिए पिंक बस की शुरूआत सूबे की योगी सरकार में करवाई थी। इस महिला स्पेशल बस में परिवार संग पुरुष भी सफर कर सकते हैं। हालांकि यात्री कम होने पर अमूमन इसमें पुरुष यात्री भी बैठा लिए जाते हैं। इसका किराया वॉल्वो बस के मुकाबले कम है। 44 सीट की इस बस में हर सीट पर पैनिक बटन के साथ ही महिला कंडक्टर की तैनाती रहती हैं। सीसीटीवी से भी इस बस को लैस किया गया है। रोडवेज प्रयागराज परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन के मुताबिक उन्होंने दो बस का प्रस्ताव पूर्व में रोडवेज मुख्यालय भेजा था। उन्होंने कहा कि चर्चा है कि प्रयागराज को जल्द ही दो पिंक बस मिल जाएगी। अगर ये बसें मिलती हैं तो इनका संचालन लखनऊ और वाराणसी रूट पर किया जाएगा।