प्रदेश में बढ़ती हत्याओं को लेकर सपा ने भाजपा सरकार पर बोला हमला।
- फोटो : prayagraj
जिले में हत्या की लगातार घटनाओं से लोगों में नाराजगी है तो इसे लेकर राजनीति भी गरमा गई है। सरकार पर हमला बोलते हुए सपा नेताओं ने हत्यारों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर आंदोलन की भी चेतावनी दी है।
राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह ने कौंधियारा के कठौली कंचनवा गांव के सोनू यादव की हत्या पर नाराजगी जताई। उन्होंने एसपी यमुनापार से वार्ता कर हत्या में शामिल लोगों को कठोर सजा दिलाने की बात कही। विधायक उज्जवल रमण सिंह ने भी एसडीएम से वार्ता की। सांसद के प्रतिनिधि राजेश्वर पांडेय, सपा के जिला उपाध्यक्ष विनय कुशवाहा, शिव यादव आदि ने गांव जाकर पीड़ित परिवार को हर स्तर पर मदद का आश्वासन दिया। नेताओं ने लगातार हत्याओं को लेकर प्रदेश की सरकार को भी कटघरे में खड़ा किया।
जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव की अगुवाई में नेताओं ने आईजी केपी सिंह से मुलाकात कर हत्या की लगातार घटनाओं पर नाराजगी जताई। नेताओं का कहना था कि 48 घंटे में आठ हत्या ने कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। उनका कहना था कि इन हत्याओं का जल्द खुलासा नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सपा नेताओं ने कौंधियारा के सोनू यादव के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद तथा परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दिए जाने की भी मांग की। आईजी से मिलने वालों में एमएलसी डॉ.मान सिंह यादव, पूर्व सांसद नागेंद्र पटेल, राममिलन यादव, गुलाब यादव, दान बहादुर मधुर आदि शामिल रहे।
वित्तविहीन शिक्षक, शिक्षा मित्रों को सपा ने बनाया मुद्दा
वित्तविहीन शिक्षकों और शिक्षा मित्रों की नियुक्ति का मामला आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बनने जा रहा है। सपा ने शिक्षक सभा की अगुवाई में इसकी रणनीति बना ली है। इसके लिए संगठन में फेरबदल के अलावा 10 अगस्त को वैचारिक गोष्ठी की घोषणा की गई है। प्रयागराज में होने वाली इस गोष्ठी में इन दो मुद्दों के साथ भाजपा के खिलाफ अभियान का खाका तैयार किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष एमएलसी डॉ.मान सिंह यादव का कहना है कि भाजपा सरकार में शिक्षकों का हित प्रभावित हुआ है। विधानसभा चुनाव में इन मुद्दों को लेकर लोगों के बीच जाएंगे। इसी क्रम में उन्होंने संगठन में फेरबदल किया है। मीडिया प्रभारी दान बहादुर मधुर ने बताया कि सुरेश यादव को शिक्षक सभा जिला एवं राम चंद्र पटेल को महानगर अध्यक्ष बनाया गया है। संतोष यादव, एसपी श्रीवास्तव को प्रदेश कमेटी में जगह दी गई है। वहीं उदय राज यादव मंडल अध्यक्ष बनाए गए हैं।