उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के पास धूमनगंज को झलवा से जोड़ने वाला रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) चार महीने के लिए बंद होने जा रहा है। दो लेन के इस आरयूबी की एक-एक लेन दो-दो माह के लिए बंद रखी जाएगी। इस दौरान रेलवे द्वारा आरयूबी पर तीसरी लाइन बिछाई जाएगी। इस रेलवे लाइन को रेल गांव के पास बनाई जा रही वॉशिंग लाइन से जोड़ा जाएगा।
इस अवधि में सिर्फ एक ही लेन से संचालन होने की वजह से शहर पश्चिम के तमाम मोहल्लों में जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। धूमनगंज से झलवा, प्रयागराज एयरपोर्ट, ट्रिपलआईटी की तरफ जाने वाले हजारों लोग इसी आरयूबी के नीचे से गुजरते हैं। कुछ वर्ष पूर्व यह आरयूबी सिर्फ एक लेन का ही था, लेकिन इस मार्ग पर बढ़ते रोड ट्रैफिक की वजह से इसे दो लेन का बनाया गया।
इस बीच रेलवे द्वारा रेलगांव सूबेदारगंज के पास वॉशिंग लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इस वॉशिंग लाइन को जोड़ने के लिए आरयूबी के ऊपर एक और लाइन बिछाई जानी है। इसी वजह से रेलवे द्वारा इस आरयूबी को 13 अक्तूबर से 12 फरवरी 22 तक बंद किया जा रहा है। चार माह की इस अवधि में दो-दो माह के लिए आरयूबी की एक-एक लेन बंद की जाएगी।
सिर्फ एक लेन से ही आवागमन होने की वजह से यहां हर रोज जाम का भी लगना तय है। एनसीआर के सीपीआरओ डा. शिवम शर्मा का कहना है कि लोगों को परेशानी न हो इसी वजह से एक बार में एक लेन ही बंद की जा रही है। ताकि दूसरी लेन से ट्रैफिक सुचारु रहे।