अतीक व अशरफ की हत्या के बाद जयंतीपुर में उमेशपाल के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। असद के एनकाउंटर के बाद पहले ही उमेश के घर के बाहर सशस्त्र पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई थी। अतीक व अशरफ की हत्या के बाद सुरक्षा में अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर दी गई। इसके अलावा धूमनगंज पुलिस को विशेष नजर बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके अलावा पूरे शहर में हाईअलर्ट कर दिया गया।
बड़ी संख्या में पीएसी, पुलिस और आरएएफ के जवानों की तैनाती की गई है। शनिवार रात वारदात के बाद शहर के कई इलाकों में तोड़फोड़ और हंगामा शुरू हो गया था। अतीक अहमद के पैतृक निवासी चकिया, कसारी-मसारी, राजरूपपुर, खुल्ताबाद, करेली, अटाला आदि में बड़ी संख्या में फोर्स तैनात किया गया है। घटना के बाद प्रदेश के कई जनपदों से पीएएसी और पुलिस बल प्रयागराज में मंगा ली गई है। कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने न पाए इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी चक्रमण कर रहे हैं।