धूमनगंज में हुए दर्दनाक हादसे में मासूम आमिर (7) की जान चली गई। वह अपने भाई के साथ साइकिल से जा रहा था, तभी बालू लदे बेकाबू ट्रैक्टर ने उसे चपेट में ले लिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही ट्रैक्टर नंबर के आधार पर अज्ञात में केस दर्ज कर लिया।
कन्हईपुर में रहने वाला मोहम्मद बाल काटने का काम करता है। उसके दो बेटों में अली के अलावा आमिर छोटा था। मंगलवार दोपहर दो बजे के करीब वह साइकिल से भाई संग घर से निकला। साइकिल अली चला रहा था जबकि ,आमिर पीछे बैठा था। अभी दोनों 100 मीटर दूर स्थित रोड पर पहुंचे ही थे कि तभी सामने से आ रहे बेकाबू ट्रैक्टर ने उन्हें चपेट में ले लिया।
जोरदार टक्कर से अली छिटककर दूर जा गिरा जबकि आमिर ट्रैक्टर के नीचे आ गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के लोग शोर मचाते हुए दौड़े तो चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर परिजन भी आ गए और कुछ देर बाद पुलिस भी पहुंच गई।
आसपास के लोग घटना को लेकर आक्रोशित थे लेकिन चौकी प्रभारी ने उन्हें शांत कराया। इसके बाद किसी तरह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम बुधवार को होगा।
बेटे के शव से लिपटकर रोते रहे मां-बाप
घटना के बाद मौके पर पहुंचे मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल रहा। दोनों बेटे के शव से लिपटकर बिलखते रहे। वह बार-बार यही कहकर बेटे को याद कर रहे थे कि अभी कुछ देर पहले ही तो घर से निकला था। उनकी हालत देखकर आसपास के लोगों की भी आंखें भर आईं।