अतरसुइया थाना परिसर में बने सरकारी क्वार्टर में रहने वाले परिवार के तीन लोगों के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिसकर्मियों में हड़कंप है। फिलहाल दो दिनों के लिए थाने में फरियादियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। आपात स्थितियों में चौकी पुलिस समस्या का निस्तारण करेगी।
अतरसुइया थाना परिसर में बने सरकारी क्वार्टर में पुलिसकर्मियों के परिवार रहते हैं। इनमें से ही एक दीवान के परिवार के तीन लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट बृहस्पतिवार को पॉजिटिव मिली। दीवान वर्तमान में गैरजनपद में तैनात है, जिसकी जानकारी पर आसपास रहने वालों के साथ ही थाने में तैनात पुलिसकर्मियों में भी हड़कंप मच गया।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
आननफानन में थाने की ओर से सरकारी क्वार्टर की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया। इसके साथ ही एहतियातन थाने में फरियादियों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई। यह व्यवस्था दो दिनों के लिए की गई है। उधर थाने के साथ ही पुरे परिसर का सैनिटाइजेशन भी कराया गया।
यह भी पता लगाया जा रहा है कि संक्रमित सदस्यों या उनके परिवार के सदस्यों के संपर्क में कौन-कौन था। इसके बाद संबंधितों की जांच कराई जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि एहतियातन दो दिनों तक के लिए थाने में फरियादियों की आवाजाही रोक दी गई है। आपात स्थितियों के लिए चौकी पुलिस को संबंधित व्यक्ति की समस्या के निस्तारण का निर्देश दिया गया है।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
सीओ कार्यालय में तैनात कर्मचारी भी संक्रमित
कोरोना के लगातार बढ़ते मरीजों के बीच बृहस्पतिवार को सीओ करछना कार्यालय में तैनात एक पुलिसकर्मी भी कोरोना संक्रमित पाया गया। जिससे कार्यालय में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। रोज की तरह बृहस्पतिवार को यह कर्मचारी कार्यालय आया था, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी कोरोना जांच हुई और बाद में रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। सीओ करछना आशुतोष तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को अन्य कर्मचारियों की भी जांच कराई जाएगी।