करेली में असगरी मार्केट तिराहे के पास डी ब्लॉक में स्थित दो मैरिज हाउस को क्वारंटीन सेंटर बनाए जाने का विरोध करना स्थानीय लोगों को महंगा पड़ा। पुलिस ने मामले में कुल 30 लोगों के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
करेली के डी ब्लॉक में स्थित अनमोल व निकाह पैलेस मैरिज हाउस को क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। इस बात की जानकारी मिलने पर रविवार रात 11 बजे के करीब बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पार्षद अब्दुल समद के घर के पास जमा हो गए। वह मोहल्ले में क्वॉरेंटीन सेंटर बनाए जाने का विरोध कर रहे थे। उनकी मांग थी कि प्रशासन किसी और जगह पर क्वॉरेंटीन सेंटर बनाए। पार्षद व अन्य लोगों ने किसी तरह समझा कर लोगों को शांत कराया।
उधर करेली पुलिस ने इस मामले में सोमवार को मुकदमा दर्ज कर लिया। थाने के दरोगा प्रेम कुमार की ओर से तहरीर देकर बताया गया कि पार्षद के घर के सामने लोगों के जमा होने की सूचना पर वह रविवार रात मौके पर पहुंचे तो वहां 8-10 महिलाएं व 15-20 पुरुष मौजूद थे। जिन्होंने जानबूझकर लाकडाउन का उल्लंघन किया। करेली पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
लॉकडाउन के उल्लंघन में 23 नामजद, 11 गिरफ्तार
लाकडाउन के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई का क्रम इसके तहत सोमवार को जिलेभर के अलग-अलग थानों में कुल 23 लोगों के खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें से 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कुल 7510 वाहनों की चेकिंग की गई जिनमें 978 वाहनों का यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान किया गया तथा 12 वाहन सीज किए गए।