फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj : धनतेरस से पहले सजे बाजार, शाम को उमड़ी भीड़, लोगों में जबर्दस्त उत्साह

Fri, 17 Oct 2025 07:14 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

दीप पर्व दीपावली के पहले बाजार सज गए हैं। धनतेरस के एक दिन पहले बर्तन, सजावट के सामान, सूखा मेवा के अलावा लक्ष्मी-गणेश भगवान की मूर्ति की दुकानें सज गई हैं। शहर के सबसे बड़े बाजार चौक में दुकानों की रौकन देखते ही बन रही है
विज्ञापन
कटरा बाजार में धनतेरस के एक दिन पहले उमड़ी भीड़। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दीप पर्व दीपावली के पहले बाजार सज गए हैं। धनतेरस के एक दिन पहले बर्तन, सजावट के सामान, सूखा मेवा के अलावा लक्ष्मी-गणेश भगवान की मूर्ति की दुकानें सज गई हैं। शहर के सबसे बड़े बाजार चौक में दुकानों की रौकन देखते ही बन रही है। अमर उजाला की टीम ने बाजार में दुकानदारों और ग्राहकों से त्योहार के मद्देनजर बातचीत की। लोगों में त्योहार के प्रति काफी उत्साह देखा जा रहा है। त्योहार पर अच्छी खरीदारी की उम्मीद जताई जा रही है। शुक्रवार को ही इतनी भीड़ रही कि लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ा। चौक के अलावा, सिविल लाइंस, कटरा, जॉनसेनगंज, घंटाघर, राजरूपपुर, रामबाग, मुट्ठीगंज, कीडगंज, सोहबतियाबाग, अलोपीबाग, कर्नलगंज, टैगोर टाउन, राजापुर, दारागंज आदि इलाकों में भी काफी चहल पहल रही। 

विज्ञापन




Trending Videos

धनतेरस के स्वागत में तैयार हुआ प्रयागराज का बाजार

धनतेरस के साथ शनिवार से पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत होगी। सिविल लाइंस, चौक, कटरा, कोठापार्चा, रानी मंडी जैसे मार्केट सजे हैं तो उम्मीदें भी परवान चढ़ रही है। ग्राहकों के स्वागत के लिए कारोबारियों ने शुक्रवार को दुकान और शोरूम को फूल-मालाओं से सजाया। वहीं, ग्राहकों ने भी धनतेरस पर भीड़ से बचने के लिए एक दिन पहले ही खरीदारी शुरू कर दी।

शहर के सभी प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल, बर्तन, सराफा व फर्नीचर शोरूम में अधिकांश ग्राहक बुकिंग कराते दिखे। ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियों व शोरूम मालिकों ने प्रत्येक खरीदारी के साथ उपहार से लेकर बंपर डिस्काउंट की घोषणा की है। रियल एस्टेट सेक्टर को भी धनतेरस से काफी उम्मीदें हैं। सराफा बाजार की बात करें तो रिकार्ड स्तर पर सोना और चांदी का दाम पहुंच जाने के बावजूद शहरी धनतेरस के मौके पर करोड़ों रुपये खर्च करने जा रहे हैं।

राजवंश ज्वेलर्स के अभिनव सिंह ने बताया कि हल्के वजन वाली ज्वैलरी खासी पसंद की जा रही है। राजपूत ज्वैलर्स में खरीदारी के लिए पहुंची प्रिया ने बताया कि उन्होंने आज एक अंगूठी खरीदी है। शोरूम के संचालक देवेंद्र सिंह ने बताया कि धनतेरस पर बाजार अच्छा जाने की उम्मीद है। राणा ज्वेलर्स, आधुनिक ज्वेलर्स, मनमोहन ज्वेल्स, चड्ढा ज्वेलर्स, सुनहरी गोल्ड और डायमंड, सिसोदिया ज्वेलर्स, कार्शी अर्नामेंट हाउस आदि के शोरूम भी धनतेरस पर सजाए गए हैं। ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि पुराने सिक्कों की डिमांड ज्यादा है।

ग्राहकों को लुभा रहे फर्नीचर पर कॉम्बो पैक

फर्नीचर कंपनियों ने भी धनतेरस पर सोफा सेट, डाइनिंग टेबल की डिजाइन लांच की है। साथ ही ग्राहकों को लुभाने के लिए डिस्काउंट व ऑफर भी दिए है। फर्नीचर कारोबारी राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि एक लाख रुपये से डेढ़ लाख रुपये के बीच फर्नीचर के कॉम्बो पैक है। इसमें डबल बेड, सोफा सेट, सेंटर टेबल, ड्रेसिंग टेबल उपलब्ध है।

टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन के साथ गीजर की हुई बुकिंग

कारोबारियों के मुताबिक 55-65 इंच के एलईडी पैनल, वॉशिंग मशीन, फ्रिज की काफी संख्या बुकिंग हो चुकी है। केके सेल्स के कुनाल श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राहकों को कैश बैक का भी ऑफर दिया जा रहा है। मोबाइल कारोबारी विपिन गुप्ता ने बताया कि धनतेरस के एक दिन पहले भीकाफी लोगों ने मोबाइल फोन खरीदे। इसी तरह इंदिरा भवन स्थित शोरूम के संचालक शेख डाबर वकील ने बताया कि पर्व को लेकर लोगों में उत्साह देखा जा रहा है।

पर्व के एक दिन पहले ही खूब बिके वाहन

प्रयागराज में धनतेरस के एक दिन पहले ही 500 से ज्यादा दो पहिया और चार पहिया वाहनों की बिक्री हुई। कान्हा मोटर्स सिविल लाइंस में शुक्रवार को ही लोगों ने अपने पसंदीदा बाइक व स्कूटी खरीदी। यहां बाइक खरीदने को पहुंचे मीरापुर के एके सिंह ने बताया कि धनतेरस शनिवार को है। इस वजह से उन्होंने एक दिन पहले ही बाइक खरीद ली। शोरूम संचालक हर्षित अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2022 में भी धनतेरस शनिवार के दिन ही था। इस वजह से तब भी शुक्रवार और रविवार को काफी लोगों ने बाइक खरीदी। सरस्वती नेक्सा के अंकित राज ने बताया कि आज भी लोगों ने कार खरीदी। कई ग्राहकों ने शनिवार के लिए भी बुकिंग करवा रखी है।
विज्ञापन

कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स का पंच दिवसीय पर्व पर बिक्री का यह है अनुमान
  • ऑटोमोबाइल - 300-320 करोड़ रुपये
  • रियल एस्टेट - 80-100 करोड़ रुपये
  • सोना-चांदी - 650-700 करोड़ रुपये
  • इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स, मोबाइल, लैपटॉप - 110-120 करोड़ रुपये
  • बर्तन - 30-35 करोड़ रुपये
  • ड्राई फ्रूट - 22- 23 करोड़ रुपये
  • मिठाई - 28- 30 करोड़ रुपये
  • फर्नीचर - 24- 25 करोड़ रुपये
  • गारमेंट फुटवियर - 30-35 करोड़ रुपये
  • आतिशबाजी - 7-8 करोड़ रुपये
  • सजावटी सामान - 38- 40 करोड़ रुपये
  • लाई लावा - 24- 25 करोड़ रुपये
  • पूजन सामग्री - 18-20 करोड़ रुपये
अन्य - 50 करोड़ रुपये
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें