तीन दिन पहले अपहृत सीमा देवी (32) की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार को उसका शव कौशांबी के कोखराज इलाके में नदी किनारे पाया। बुधवार को सीमा के भाई ने छह लोगों के खिलाफ अपहरण और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
प्रतापगढ़ के हथिगवां थाना क्षेत्र के बरना आमानी का पूरा गांव निवासी धर्मेंद्र की बहन सीमा देवी (32) नवाबगंज के कस्बा लालगोपालगंज में अपने एक बच्चे के साथ रहती थी। उसका पति बीरू राम गुजरात में में प्राइवेट नौकरी करता है।
30 जनवरी की रात लगभग दस बजे बोलेरो वाहन सवार लोगों ने सीमा का अपहरण कर लिया था। उसके बाद से ही भाई धर्मेंद्र उसकी तलाश कर रहा था। सीमा का शव मंगलवार की सुबह कौशांबी के कोखराज इलाके में नदी किनारे पाया गया।
धर्मेंद्र ने मंगलवार को ही नवाबगंज थाने में सीमा के अपहरण की तहरीर दी। पुलिस ने सूचना दी कि सुबह कोखराज में एक युवती का शव मिला है। धर्मेंद्र पुलिस वालों के साथ कोखराज पहुंचा। शव सीमा का ही था। बुधवार को धर्मेंद्र ने हथिगंवा प्रतापगढ़ के रहने वाले छह लोगों के खिलाफ हत्या और अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपियों की खोजबीन की जा रही है।