शहर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामले को लेकर सिविल लाइंस व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक रविवार को हुई। बैठक में कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर चिंता जाहिर करने के साथ ही व्यापारियों ने इस बीमारी को लेकर लोगों को जागरूक करने, ज्यादा से ज्यादा जांच करवाने एवं इस बीमारी के ऐसे मरीज जो गंभीर रूप से संक्रमित न हो उन्हें होम आइसोलेशन किए जाने पर चर्चा की गई। बैठक के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पांच सूत्रीय मांगपत्र का ज्ञापन भी भेजा गया।
सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा के नेतृत्व में हुई बैठक में कहा गया कि जिस तरह से कोरोना का संक्रमण फैल रहा है, उससे अस्पताल में कोरोना वार्ड के बेड भरते जा रहे हैं। दिल्ली की तर्ज पर जिन्हें कम संक्रमण है उन्हें घर पर आइसोलेशन की अनुमति दी जानी चाहिए। ऐसे में अस्पताल में जो गंभीर मरीज हैं उनकी उचित देखरेख हो सकेगी और अगर कोई नया गंभीर मरीज आता है तो उसे अस्पताल में बेड भी उपलब्ध हो जाएगा।
यह भी कहा गया कि जिस मोहल्ले में कोरोना का मरीज मिलता है वह इलाका लंबे समय के लिए सील कर दिया जाता है। इससे व्यापारियों को व्यापार बंद करना पड़ता है। व्यापारी पूर्व में लगे लॉक डाउन में लंबा नुकसान सह चुके हैं। इसलिए सरकार को चाहिए कि मरीज मिलने पर संबंधित क्षेत्र को कम दिन के लिए सील किया जाए। बैठक में प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोरा, जिलाध्यक्ष मो. कादिर ने भी शिरकत की। संचालन महामंत्री शिव शंकर सिंह ने किया। इस दौरान बलबीर कोहली, जोगिंदर सिंह, आशीष अरोरा, गौरव अग्रवाल, विशाल कनौजिया, कैलाश करेरा, मोहित चोपड़ा, देवर्षि अग्रवाल, अमित अग्रवाल, इंदर मध्यान्ह, शशांक जैन, रितेश सिंह आदि मौजूद रहे।