कौंधियारा (संवाद)। क्षेत्र के गढ़वा कला में बिजली का पोल लगाने को लेकर शुक्रवार को पुलिस की मौजूदगी में हुए बवाल, मारपीट एवं फायरिंग में पुलिस ने क्रास एफआईआर दर्ज किया है। जिसमें कुल 29 लोग नामजद किए गए हैं। जिसमें पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घायलों में पांच की हालत गंभीर बताते हुए स्थानीय चिकितसकों ने एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
क्षेत्र के गढ़वा कला गांव निवासी ओम प्रकाश पांडेय की भूमिधरी जमीन के बीच से यादव समुदाय के लोग बिजली का पोल लगाना चाह रहे थे। ओम प्रकाश पांडेय ने इसका विरोध किया और जिलाधिकारी एवं एसडीएम करछना को शिकायती पत्र देकर एक किनारे से पोल लगाने की बात कही थी।
जिस पर शुक्रवार को एसडीओ, जेई व पुलिस की मौजूदगी में धान के खेत में बिजली का पोल लगाया गया। पोल लगने के दौरान ही वहां ओम प्रकाश पांडेय और तुलसीराम यादव के पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। जिसमें मारपीट, फायरिंग हो गई। बवाल होता देख पुलिस व बिजली विभाग की टीम मौके से फरार हो गई थी।
जिसमें एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। सभी को उपचार के लिए सीएचसी कौंधियारा ले जाया गया था। जहां से पांच लोगों की हालत नाजुक बताते हुए एसआरएन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। उधर लालता प्रसाद मिश्र की तहरीर पर 13 व तुलसीराम यादव की तहरीर 16 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।