प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के पीसीबी हॉस्टल में बृहस्पतिवार को हॉस्टल प्रशासन ने 26 कमरे खाली कराए। इनमें स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र रह रहे थे और उनका पाठ्यक्रम पूरा हो चुका था।
जिन कमरों को खाली कराया गया है, उनमें 22 कमरे डबल सीटेड और चार कमरे सिंगल सीटेड हैं। हालांकि, हॉस्टल प्रशासन की ओर से कमरे खाली करने का नोटिस पहले ही जारी किया जा चुका था, सो बहुत से छात्र अभियान शुरू होने से पहले ही कमरे छोड़कर जा चुके थे। जो कमरे खाली नहीं हुए थे, उन्हें खाली कराके हॉस्टल प्रशासन ने अपना ताला लगा दिया।
पीसीबी हॉस्टल के अधीक्षक डाॅ. सुजीत कुमार सिंह और कार्यालय अधीक्षक संतोष सिंह की देखरेख में दोपहर एक बजे हॉस्टल खाली कराने की कार्रवाई शुरू की गई। अधीक्षक ने बताया कि जिन कमरों को खाली कराया गया है, वहां रहने वाले छात्रों का अप्रैल में सत्र पूरा हो चुका है और परीक्षा भी समाप्त हो चुकी है।