थाना क्षेत्र के जोरवट गांव में 65 वर्षीय बरमदीन ने अपनी पत्नी माधुरी देवी (65) की बंसुली से गला काटकर हत्या कर दी। कमरे से जब वह खून से सनी बंसुली लेकर बाहर निकला तो परिजन स्तब्ध रह गए। इसके बाद उसने खुद ही बेटों को वारदात की जानकारी दी। घटना के वक्त उसने कोई नशीला पदार्थ खा लिया था, जिससे उसकी भी हालत बिगड़ गई। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जोरवट गांव के सूरजपाल का पुरवा निवासी बरमदीन खेती करता था। परिवार में बेटे के अलावा पत्नी माधुरी थी। बेटे ने बताया कि रोज की तरह खाना खाने के बाद सोमवार रात भी सभी सोने चले गए। उसके माता-पिता अपने कमरे में सो रहे थे। जबकि वह व अन्य सदस्य आंगन में सोए थे। आधी रात के बाद पिता कमरे से बाहर निकले। उनके हाथ में खून से सनी बंसुली थी।
जिसे देखकर वह स्तब्ध रह गया। इसके बाद पिता ने खुद बताया कि मैंने तुम्हारी मां की हत्या कर दी है। यह सुनकर उसके होश उड़ गए। वह भागकर कमरे में पहुंचा तो वहां मां जमीन पर मृत पड़ी हुई थी। सूचना दी गई तो पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त आरोपी ने कोई नशीला पदार्थ खा लिया था और उसकी हालत ठीक नहीं थी। जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां से उसे डॉक्टरों ने एसआरएन रेफर कर दिया। एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपी उसने पत्नी की हत्या क्यों की, इस बाबत परिवारवाले भी कुछ स्पष्ट नहीं बता पाए हैं। उधर ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी रहीं।