जिले में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को 343 नए संक्रमित मिलने के बाद कुल संख्या 13979 पर पहुंच गई। इसके साथ ही छह लोगों की मौत हुई है। हालांकि जिले में अब तक 10077 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। शनिवार को भी 329 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की है।
डॉ. सहाय की सूचना के मुताबिक कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या में पिछले दिनों के मुकाबले शनिवार को थोड़ी कमी आई है। हालांकि, एक दिन में छह लोगों की मौत दूसरी बार हुई है। इस तरह जिले में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 205 पर पहुंच गया है। शनिवार को कुल 49 व्यक्तियों को डिस्चार्ज किया गया। इसमें कालिंदीपुरम से सात, रेलवे से सात, यूनानी से चार, बेली से सात, दो निजी अस्पतालों से 16 और स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय से आठ लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।
350 लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इसमें रेलेव अस्पताल में 45, कालिंदीपुरम में 59, यूनानी मेडिकल कॉलेज में सात, दो निजी अस्पतालों में 67, बेली में 34 और एसआरएन में 145 मरीज भर्ती हैं। जबकि 3347 लोग होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने बताया कि अब तक आठ सौ से अधिक लोगों का होम आइसोलेशन शर्तों को पूरा न करने की वजह से रिजेक्ट कर दिया गया है।
जबकि डेढ़ सौ से अधिक लोगों को होम आइसोलेशन में तबीयत खराब होने की वजह से अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को 2365 संदिग्ध लोगों की कोविड जांच के लिए स्वाब सैंपल लिया गया है जबकि 3535 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
तीन डॉक्टर, बैंक मैनेजर, इविवि प्रोफेसर संक्रमित
कोरोना संक्रमण की जद में शनिवार को स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय मेडिसिन विभाग के एक सीनियर डॉक्टर भी आ गए। इसके अलावा एक रेडियोलॉजिस्ट, एक वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के एक प्रोफेसर, बैंक मैनेजर, इंजीनियर सहित कई विभागों के कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि शनिवार को भी ज्यादातर लोगों में एंटीजन टेस्ट से पुष्टि हुई है। पॉजिटिव आने वाले लोगों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। सभी की जांच कराकर जरूरत के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। पॉजिटिव आने वालों में स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में मेडिसिन विभाग के सीनियर डॉक्टर भी शामिल हैं। वे लगातार कोविड मरीजों को देख रहे हैं। हाल ही में चिकित्सालय प्रशासन ने उन्हें कोविड का इंचार्ज भी बना दिया है। चिकित्सालय में इसके पहले एनिस्थिसिया विभाग की एचओडी, सर्जरी विभाग के दो डॉक्टर, मेडिसिनि के एक डॉक्टर संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा एमडीआई हॉस्पिटल के पूर्व डायरेक्टर व सिविल लाइंस स्थित एक रेडियोलॉजिस्ट भी पॉजिटिव आई हैं।
इसके अलावा संक्रमितों में हाईकोर्ट के एआर, आरओ, मउआइमा थाने का एसआई, पीएसी चतुर्थ बटालियन का इंस्पेक्टर, एयरफोर्स बमरौली का जवान, एजी ऑफिस के सेक्सन ऑफिसर, एक सेल्स टैक्स ऑफिसर, असिस्टेंट कमिश्नर सेल्स टैक्स, बिशप जानसन कॉलेज का कर्मचारी, जीएमआर का प्रोजेक्टर मैनेजर, एनटीपीसी मेजा का सुपरवाइजर शामिल है। रेलवे हेड क्वाटर सुबेदारगंज के एसओ, दारागंज रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर, रेलवे के सिविल इंजीनियर, एक रेडियोलॉजिस्ट, एक वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ, नगर निगम का जोनल ऑफिसर, एक एसडीएम का ड्राइवर, ओल्ड कैंट केंद्रीय विद्यालय का टीचर भी संक्रमित हुए हैं।