कोरोना के नए मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। एक दिन पहले के मुकाबले मंगलवार को दोगुने मरीज मिले हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की ओर से फिर से तमाम कयास लगाए जाने लगे हैं। हफ्ते भर में पहली बार नए मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय ने बताया कि मंगलवार को कुल 17 नए संक्रमित मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को जिले में 8531 लोगों की कोरोना की जांच हुई है। इसमें से 17 नए संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा 53 लोग संक्रमण मुक्त हुए। ये सभी होम आइसोलेशन से मुक्त हुए हैं। उधर, बेली, रेलवे सहित निजी अस्पताल अब कोरोना मरीजों से खाली हो चुके हैं। अब केवल स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में ही छह मरीज भर्ती हैं।
टीकाकरण में बेहतर योगदान के लिए किया सम्मानित
कमिश्नर संजय गोयल ने मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में जिले के चार ग्राम प्रधानों को टीकाकरण अभियान में बेहतर योगदान देने के लिए सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले ग्राम प्रधानों में हंडिया ब्लॉक के औसानपुर की प्रधान उषा देवी, बहरिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत यासीनपुर उर्फ करनईपुर के प्रधान वीरेंद्र प्रताप सिंह, सैदाबाद ब्लॉक के बजहामिश्रान के प्रधान कृष्णानंद तिवारी और मेजा के चपरतला के प्रधान नंदलाल का नाम शामिल है। प्रधान उषा देवी ने लक्ष्य के सापेक्ष अपने ग्राम में 162, वीरेदं्र प्रताप ने 140 और कृष्णानंद ने 131 और नंदलाल ने 120 लोगों का टीकाकरण कराया। इस मौके पर डीएम संजय खत्री, नगर आयुक्त रवि रंजन, सीडीओ शिपू गिरी आदि मौजूद रहे।