कोरोना वायरस के संभावित प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को व्यापक पैमाने पर सर्वे किया। शहरी क्षेत्र के 80 वार्डों में 425 टीमों ने घर-घर जाकर सर्वे किया।
इस दौरान विभिन्न बीमारियों से पीड़ित 280 लोगों को चिह्नित किया गया। इनकी कोविड जांच भी कराई जाएगी। वहीं शहर के पांच स्वास्थ्य केंद्रों पर 68 लोगों के रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए नमूने लिए गए। इस कार्य का पीएचसी डफरिन में सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी ने उद्घाटन किया।
नोडल प्रभारी एसीएमओ डॉ. असत्येन राय के मुताबिक अभियान चलाकर किए गए सर्वे में टीमों ने 20429 घरों का भ्रमण किया। इस दौरान 83812 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सर्वे में 23 लोगों में इंफ्लूएंजा लाइक बीमारी के लक्षण पाए गए। गंभीर रूप से बीमार 280 लोग चिह्नित किए गए हैं।
डॉ. राय ने बताया कि पांच नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए सैंपल लिए गए। इसमें नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दरियाबाद में एक व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। अब उन्हें संदिग्ध वार्ड में भर्ती कराकर कोविड जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच और सर्वे का काम अभी जारी रहेगा।