अल्लापुर में रहने वाले ठेकेदार का 13 वर्षीय बेटा उत्कर्ष पांडेय घर के भीतर फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घरवाले कोई कारण नहीं बता पाए। लेकिन यह बात सामने आई है कि वह किसी बात को लेकर नाराज हो गया था।
मूल रूप से मिर्जापुर के दुगौली के रहने वाले धीरज पांडेय ठेकेदारी करते हैं। उनका बेटा उत्कर्ष आठवीं में पढ़ता था। पुलिस के मुताबिक, घरवालों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर में घर के लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे जबकि बच्चे खेल रहे थे।
इसी दौरान उत्कर्ष ऊपर स्थित कमरे में चला गया। कुछ देर बाद एक बच्चा कमरे में गया तो उसे फंदे पर लटका देख चीखने लगा। घरवाले भागकर पहुंचे तो वहां का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। आननफानन में उसे फंदे से उतारा गया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जानकारी पर पुलिस पहुंची और फिर जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम केलिए भेज दिया।
जार्जटाउन पुलिस का कहना है कि घरवाले कोई कारण नहीं बता सके। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है। यह बात भी सामने आई है कि बच्चा छोटी-छोटी बातों पर नाराज हो जाता था। जांच पड़ताल की जा रही है।