बिना सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे परिषदीय स्कूल के चार शिक्षकों को बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी किया है। बीएसए ने नोटिस देकर चेतावनी दी है कि 16 नवंबर तक अनुपस्थित शिक्षकों ने अपना पक्ष नहीं रखा तो सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था लेकिन कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।
जिले में मेजा तहसील के इसौटा प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक विद्याकांत सिंह सितंबर 2019, करछना के प्राथमिक विद्यालय खजुरी प्रथम में तैनात सहायक अध्यापक तेजल जैन जुलाई 2020 से, वान्या गंगवार पूर्व माध्यमिक विद्यालय डेरागदाई सोरांव अक्तूबर 2020 से और दिव्या वर्मा प्राथमिक विद्यालय देवरिया, बहरिया जनवरी 2021 से विद्यालय से अनुपस्थित चल रही हैं। इन सहायक अध्यापकों ने अनुपस्थिति के बारे में पूर्व में अपने उच्चाधिकारियों को कोई सूचना भी नहीं दी है।
इस पर बीएसए की ओर से इन शिक्षकों के निवास के पते पर पंजीकृत डाक से कारण बताओ नोटिस भेजा गया था। इन अध्यापकों ने कोई जवाब नहीं दिया। 10 नवंबर को विज्ञप्ति जारी कर इन शिक्षकों को 16 नवंबर तक बीएसए कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। बीएसए ने चेतावनी दी है कि निर्धारित तक कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण न देने पर यह माना जाएगा कि वे पठन-पाठन के इच्छुक नहीं है। ऐसे में इनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाए।