हंडिया में मासूम को बेरहमी से मौत के घाट उतारने वाले सूरज ने हत्या के बाद ड्रामा भी रचा। वह परिजनों संग बच्ची को ढूंढ़ने का नाटक भी करता रहा। उनके साथ घूम-घूमकर शव खोजवाता रहा। उसने पूछताछ में बताया कि ऐसा उसने इसलिए किया क्योंकि अगर वह गायब हो जाता तो पुलिस को उस पर शक हो जाता।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बच्ची की हत्या के बाद वह चुपचाप अपने कमरे में जाकर लेट गया। कुछ देर बाद बच्ची को न पाकर उसकी मां ने शोर मचाया तो वह भी पहुंच गया। इसके बाद अन्य परिजनों संग बच्ची को ढूंढ़ने में लग गया। इधर उधर खोजबीन कराने का नाटक करने लगा।
हालांकि, वह अपनी ही चाल में फंस गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटनास्थल की गहनता से जांच पड़ताल में यह स्पष्ट हो गया था कि यह किसी बाहरी का काम नहीं। परिवार के बारे में जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि 10 दिन पहले बच्ची के पिता से सूरज का झगड़ा हुआ था। इसके बाद ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।