जंक्शन के प्लेटफार्म पर महिला ने दिया बच्ची को जन्म
0 आरपीएफ की मेरी सहेली टीम के सहयोग से हुआ प्रसव
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर दिल्ली जा रही एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया। इस दौरान महिला को आरपीएफ की मेरी सहेली टीम ने अटेंड किया। उसे शिवगंगा ट्रेन से सुरक्षित उतारने के साथ ही रेलवे के चिकित्सकों को इस बारे में सूचित किया। इस दौरान प्लेटफार्म पर ही मेरी सहेली टीम द्वारा चादर का घेरा बना लिया। रेलवे की चिकित्सक डॉ. शालिनी सिंह ने प्लेटफार्म पर ही सुरक्षित प्रसव करवाया। जच्चा और बच्चा की जांच के बाद दोनों को डफरिन अस्पताल रिफर कर दिया गया।
बनारस से बुधवार की रात 12.06 बजे शिवगंगा एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर पांच पर पहुंची। इसके डी-1 कोच में रिजवाना बेगम का रिजर्वेशन था। बीच रास्ते ही उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। ट्रेन जंक्शन पहुंची तो यात्रियों ने प्लेटफार्म पर मौजूद आरपीएफ स्टाफ मक्खन लाल को बताया। सूचना मिलने पर मेरी सहेली टीम की प्रेम कुमार एवं गीता देवी प्लेटफार्म पर पहुंच गई। महिला को ट्रेन से उतारने के बाद उसे फुटओवर ब्रिज एक के नीचे लाया गया। वहां महिला को चारों ओर से चादर से घेर लिया गया। तब तक रेलवे चिकित्सालय की टीम मौके पर पहुंची। उसके बाद प्लेटफार्म पर ही उसका प्रसव कराया गया। महिला के पति एवं घूरपुर निवासी वसीम अंसारी ने सुरक्षित प्रसव करवाने के लिए रेलवे की टीम को धन्यवाद भी दिया।