फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली आपूर्ति न होने पर बवाल

Fri, 16 Jan 2015 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
पुराने शहर के अटाला इलाके में बिजली आपूर्ति न होने से गुस्साए उपभोक्ताओं ने बृहस्पतिवार को कल्याणी देवी उपकेंद्र पर खूब बवाल काटा। लोगों ने उपकेंद्र पर का फर्नीचर तोड़ दिया। कर्मचारियों को पीटा। एक कर्मचारी के कपड़े भी फाड़ डाले। खत्री पाठशाला पर दो बार जाम भी लगाया। लोगों की नाराजगी देख सभी कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले। रात को उपकेंद्र को जलाने की कोशिश की गई लेकिन पुलिस के पहुंचने पर युवक भाग निकले।
विज्ञापन


अटाला इलाके में पिछले 20 दिनों से बिजली संकट बना है। यहां ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से की लेकिन समस्या दूर नहीं हुई। बृहस्पतिवार को लोगों का गुस्सा भड़क उठा। सुबह करीब 11 बजे उपभोक्ता कल्याणी देवी उपकेंद्र पहुंचे और ट्रांसफार्मर न बदलने की बाबत पूछा। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों से उनकी कहासुनी भी हो गई। इस आश्वासन पर कि ट्रांसफार्मर आज ही बदल दिया जाएगा, सभी लौट गए। लेकिन जब दोपहर 2 बजे तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो लोग फिर से उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान तोड़फोड़, मारपीट की घटना हुई। उपकेंद्र से जुड़े कई इलाकों की बिजली भी बंद कर दी। लोगों ने करीब आधे घंटे तक खत्री पाठशाला पर जाम भी लगाया। लोगों ने विभागीय अधिकारियों पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कहा कि जहां एक तरफ आपूर्ति न होने से बिजली और जलापूर्ति का घोर संकट है वहीं अफसरों को उनकी दिक्कतों से कोई लेनादेना नहीं है। इस दौरान सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। लोगों का गुस्सा देख उन्हें समझाने की कोशिश की। लाठियां भी पटकीं। पुलिस ने बिजली विभाग के अफसरों से अतिशीघ्र ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध किया। स्थिति सामान्य करने के बाद पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही कर्मचारी उपकेंद्र पहुंचे और एक-एक फीडर की बिजली आपूर्ति बहाल कराई।

पिछले दस दिनों के भीतर आक्रोशित उपभोक्ताओं के हंगामा, तोड़फोड़ और पथराव की चौथी बड़ी घटना है। एक दिन पूर्व धोबीघाट और करेली क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर हंगामा किया था। दूसरी ओर विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ठंड और ओवरलोडिंग के चलते प्रतिदिन ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं, जिससे समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर अघीक्षण अभियंता डीके दोहरे ने बताया कि रीवा रोड स्थित 220 केवीए की ट्रांसमिशन लाइन में खराबी से कल्याणी देवी उपकेद्र को पूरा लोड नही मिल रहा है। उपकेंद्र में दस-दस एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे है। लोड कम होने से तमाम इलाकों में बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। देर शाम उपकेंद्र को मिंटो पार्क उपकेंद्र से जोड़कर आपूर्ति बहाल करायी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें