फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: रानीमंडी, बैदन टोला समेत कई मोहल्लों में 17 घंटे गुल रही बत्ती

विज्ञापन
विज्ञापन
उमस भरी गर्मी के बीच बिजली घंटों कटौती और तकनीकी खामियों ने शहरियों का जीना मुहाल कर दिया है। पुराने शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। रानीमंडी, बैदन टोला समेत छह मोहल्लों में रविवार की रात गुल बत्ती 17 घंटे बाद आई। कहीं केबल फाॅल्ट, ट्रांसफॉर्मरों में खराबी के साथ फीडर ट्रिप होने का सिलसिला बना रहा।
विज्ञापन

शहर के रानीमंडी, बैदन टोला, चकइया नीम, गणेश का हाता और समदाबाद समेत कई क्षेत्रों में रविवार रात करीब नौ बजे से सोमवार दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। इसके बाद भी बिजली का आना-जाना जारी रहा। लोगों को किसी तरह की राहत नहीं मिल सकी। पूरी रात और दिनभर बिजली न रहने से आमजन का जीवन प्रभावित हुआ। बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा।

कल्याणी देवी, दरियाबाद, कटहरा सहित आसपास के क्षेत्रों में रविवार रात से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार रात करीब 12 बजे गुल हुई बत्ती सोमवार सुबह लगभग सात बजे बहाल हुई। हालांकि आपूर्ति शुरू होने के महज आधे घंटे बाद ही फिर बिजली कट गई। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे आपूर्ति बहाल हुई।दिनभर बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा।
विज्ञापन

क्षेत्रवासियों ने बताया कि बिजली रहने के दौरान भी वोल्टेज बेहद कम रहा, जिससे पंखे और कूलर नाममात्र की गति से चलते रहे। भीषण गर्मी और उमस के बीच लो वोल्टेज ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दीं। बिजली संकट के कारण पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे कई इलाकों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा।

वहीं बैरहना, मिंटो पार्क, मुट्ठीगंज, जीरो रोड सहित कई इलाकों में दिनभर चार से पांच बार बिजली गुल हुई। प्रत्येक बार आधे घंटे से डेढ़ घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में लगातार हो रही बिजली कटौती से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
शहर उत्तरी के तेलियरगंज, सलोरी, गोविंदपुर, कटरा, अल्लापुर और कर्नलगंज क्षेत्रों में भी दिनभर बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। यहां भी चार से पांच बार बिजली कटौती हुई और हर बार आधे से एक घंटे तक बत्ती गुल रही। शहर पश्चिमी के सुलेमसराय केंद्रांचल उपकेंद्र से जुड़े टीपी नगर, मुंडेरा और नीमसराय क्षेत्रों में भी दिनभर बिजली आती-जाती रही।


न्यू खुसरो बाग क्षेत्र में नए अवर अभियंता (जेई) कप्तान सिंह ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। सोमवार को कार्य के दौरान स्थानीय हमारे साथ क्षेत्रीय पार्षद सरफराज अहमद भी मौके पर मौजूद रहे। शिकायतों के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता है।- अनिल यादव, एसडीओ, खुसरोबाग

बैरहना क्षेत्र में आज छह घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति

प्रयागराज। बैरहना बिजली उपकेंद्र से संबंधित बिजनेस प्लान के अंतर्गत 33 केवी स्विच यार्ड में वीसीबी बदलने का कार्य किया जाएगा। इस कारण मंगलवार सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उपखंड अधिकारी रामबाग ने बताया कि इस दौरान तुलारामबाग, सोहबतियाबाग, बैरहना, तालाब, नवल राय, लश्कर लाइन तथा मधवापुर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए आवश्यक कार्य करने और पानी भर लेने की सलाह दी है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें