कल्याणी देवी और आसपास के दर्जन भर मोहल्लों में देर रात तक बिजली गुल होने से लोगों ने विद्युत उप केंद्र पर जमकर हंगामा काटा। आक्रोशित लोग विद्युत उप केंद्र के सामने सड़क पर धरना देकर बैठ गए। आक्रोश को देखते हुए कर्मचारी उप केंद्र को छोड़कर भाग गए। काफी देर जाम लगा तो पुलिस पहुंच गई। बिजली विभाग के अफसरों को बुलाया गया तो पता चला कि मिंटो पार्क और पावर हाउस लाइन में अंडर ग्राउंड फाल्ट हो गया है। जिसके कारण बिजली नहीं आ रही है। जिसे सही करने में इंजीनियर जुटे हुए हैं। पुुलिस और बिजली अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोग घरों को चले गए। कल देर रात करेला बाग में ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण शाम तक बिजली नहीं आई। इस इलाके के आधा दर्जन मोहल्लों के लोग कल रात और आज दोनों दिन इन इलाकों में बिजली के साथ-साथ पानी का संकट भी बना रहा।
मिंटो पार्क और एंग्लो बंगाली इंटर कालेज के सामने पावर हाउस से कल्याणी विद्युत उप केंद्र के लिए अंडर ग्राउंड केबल से बिजली की आपूर्ति होती है। बुधवार शाम करीब छह बजे मिटो पार्क के पास अंडर ग्राउंड केबल में फाल्ट आने के कारण इस इलाके की बिजली गुल हो गई। केबल ठीक होने में समय लगने की जानकारी मिली तो वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पावर हाउस से उप केंद्र को चालू करने के प्रयास किए गए । लेकिन यहां की अंडर ग्राउंड लाइन में फाल्ट हो गया। जिसके कारण शाम से देर रात तक दरियाबाद, अटाला, मीरापुर, मेहरुनगर, सदियापुर, गोल पाक चौराहा, हर्षवर्द्ध्रन नगर, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नगर, पटेलनगर, अतरसुइया के कई हजार लोगों के सामने बिजली के साथ-साथ पीने के पानी का संकट बना रहा।
मंगलवार रात करीब दो बजे करेला बाग का 600 एमबीए का ट्रांसफार्मर ओवर लोड के कारण फुंक गया। इस ट्रांसफार्मर के स्थान पर दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने में 28 घंटे लग गए। इस दौरान अधिकारियों ने आसपास के ट्रांसफार्मरों से करेला बाग के आधा दर्जन मोहल्लों में बिजली आपूर्ति क ी कोशिश की तो वहां के ट्रांसफार्मर ओवर लोड होने की वजह से ट्रपिंग करने लगे। लिहाजा दूसरे ट्रांसफार्मर से इन मोहल्लों को बिजली देने का फैसला बदलना पड़ा।
‘मिंटो पार्क के पास केबल फाल्ट होने की वजह से जीआईएस ब्रेक डाउन हो गया। उसे ठीक करने का काम चल रहा है। जैसी ही सही होगा, बिजली की आपूर्ति हो जाएगी।’ संजीव कुमार, एसडीओ कल्याणी देवी
मीरापुुर के जेपी जायसवाल का कहना है कि ललिता देवी मंदिर चेतन मार्ग तथा आसपास के इलाकों में तीन दिन से बिजली नहीं आ रही है। जिसके कारण पानी का भी संकट बना हुआ है। विद्युत उप केंद्र और कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है।