जिले में जल्द ही आलू के बीज (गर्म प्लाज्म) तैयार होंगे। इसके साथ ही प्रयागराज यूपी का एकमात्र जिला बन जाएगा, जो आलू के बीजों (गर्म प्लाज्म) को तैयार करेगा। अभी तक देश में हरियाणा और शिमला में ही इसका उत्पादन होता है।
फूलपुर और सहसों के दो किसान उत्पादक संगठनों से अमूल का अनुबंध हुआ है। इसके तहत किसान आलू के बीज अमूल को देंगे और कंपनी इन्हें जर्मनी भेजेगी। इससे करीब एक हजार किसानों की आमदनी बढ़ेगी।
अमूल ने प्रदेश सरकार के सहयोग से मई में टेंडर निकाला था, जिसमें प्रदेश के 17 किसान उत्पादक संगठनों ( एफपीओ) ने टेंडर भरा था। इसमें 80 एकड़ खेती की जमीन होने, एक टुकड़े में 20 एकड़ जमीन होने की शर्त थी। साथ ही दोमट मिट्टी होने, जल निकासी की अच्छी व्यवस्था, पानी की आपूर्ति के लिए विद्युत कनेक्शन, भंडारण कक्ष आदि संसाधन होने का जिक्र था। टेंडर में फूलपुर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लि. और सहसों की एक अन्य एफपीओ का चयन हुआ है। फूलपुर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के मुखिया उमेश पटेल का कहना है कि इससे सैकड़ों किसानों के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे।
क्या है आलू का गर्म प्लाज्म
जिला कृषि अधिकारी केके सिंह की मानें तो गर्म प्लाज्म एक ऐसा जैविक संग्रह है, जिसमें किसी पौधे की विविध किस्मों के बीज, कलम या ऊतक (टिसू) शामिल होते हैं। इसका उपयोग नई किस्में विकसित करने, रोग प्रतिरोधी पौधे बनाने में किया जाता है।
बोेले अफसर
अमूल ने टेंडर निकाला था, जिसमें 17 एफपीओ ने हिस्सा लिया था। इसमें फूलपुर और सहसों के एफपीओ का चयन हुआ है। एफपीओ आलू के बीज को पैदा कर अमूल को देंगे, वह इन्हें जर्मनी भेजेंगे। - पवन विश्वकर्मा उप निदेशक कृषि