फूलपुर के मतदान केंद्र का निरीक्षण करते एसडीएम हीरालाल सैनी।
विधानसभा क्षेत्र 256-फूलपुर में आयोजित विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप में लापरवाही मिलने पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एसडीएम हीरालाल सैनी ने मतदान केंद्र बंद पाए जाने पर आठ बीएलओ का मानदेय रोकने के आदेश दिए हैं। चार पदाभिहित (संबंधित प्रधानाध्यापक) अधिकारियों के वेतन पर रोक लगाने और हेल्प डेस्क नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
मतदाता सूची में छूटे लोगों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विधानसभा क्षेत्र के सभी 457 मतदेय स्थलों पर कैंप लगाया गया। बीएलओ को सुबह 10 से शाम चार बजे तक केंद्रों में उपस्थित रहकर फार्म-6 भरवाने के निर्देश दिए गए थे। निगरानी के लिए 44 सुपरवाइजर और सात सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तैनात रहे।
एसडीएम ने प्राथमिक विद्यालय मदारपुर, प्राथमिक विद्यालय वीरकाजी, केंद्रीय विद्यालय इफको फूलपुर और चक अब्दुल करीम उर्फ पूरे भुलई समेत 12 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। फार्म-6 भरने की प्रगति और भौतिक सत्यापन में कमियां मिलने पर संबंधित बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इनमें छह बीएलओ विजय चंद्र विश्वकर्मा, हरिओम, गुड़िया देवी, शिव कुमारी, राकेश कुमार और मीरा कुमारी शामिल हैं।
दोपहर 3:30 बजे चक अब्दुल करीम उर्फ पूरे भुलई का मतदान केंद्र बंद मिला। यहां बीएलओ विद्योतमा और गीता देवी सहित संबंधित पदाभिहित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वीरकाजी, केंद्रीय विद्यालय इफको और मदारपुर में हेल्प डेस्क नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया।
24 को लगेगा अगला शिविर
एसडीएम फूलपुर हीरालाल सैनी ने बताया कि अगला विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप 24 अक्तूबर को लगेगा। उन्होंने कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहकर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।