प्रयागराज में एक कलयुगी बेटे की करतूत सामने आई है। बिहार के गोपालगंज जनपद का रहने वाला हिमांशु अपने मां के शव को सूटकेस में भरकर ट्रेन से प्रयाग स्टेशन पर उतारा था। वहां से वह ई रिक्शा से शव को लेकर संगम जा रहा था। दारागंज पुलिस को शक होने पर ई-रिक्शा को रुकवाकर सूटकेस को खुलवाया तो एक महिला का शव मिला। पूछताछ में बताया कि वह शव उसके मां का है। पुलिस युवक को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है।
डीसीपी नगर दीपक भूकर ने बताया कि 13 दिसंबर को हरियाणा के हिसार जिले के रहने वाले हिमांशु ने अपनी मां प्रतिमा देवी (42) से पांच हजार रुपये मांगे थे। जब मां ने मना किया तो उनके बीच झगड़ा हो गया और हिमांशु ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। साथ ही कहा कि उसी शाम, उसने अपनी मां के शव को एक सूटकेस में पैक किया और ट्रेन से प्रयागराज आ गया। उसने शव को संगम में ठिकाने लगाने की साजिश रची थी।
मूल रूप से बिहार का रहने वाला है आरोपी
मूल रूप से बिहार के गोपालगंज के रहने वाले ओमप्रकाश और प्रतिभा देवी (45) के दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। छोटा बेटा हिमांशु कुमार और प्रतिभा दोनों हरियाणा के हिसार के आर्यनगर में किराये पर रहते थे। प्रतिभा यहां काटन मिल में दो साल से नौकरी कर रही थी। ओम प्रकाश भी मोतिहारी जिले में एक धर्मकांटा पर नौकरी करते हैं। माता-पिता में आपस में पटती नहीं थी। आर्थिक संकट के कारण प्रतिभा बेटे को लेकर हिसार आ गई थी।
गुस्से में मां की हत्या की थी
13 दिसंबर को हिमांशु ने मां प्रतिभा से पांच हजार रुपये मांगे। प्रतिभा ने रुपये देने से इन्कार कर दिया। दोनों में झगड़ा हो गया। मां ने चांटा मार दिया तो हिमांशु गुस्से में उसका गला दबाकर मार दिया। इसके बाद वह शव को सूटकेस में भरकर ट्रेन से प्रयागराज आ गया। पुलिस ने महिला के पति ओमप्रकाश को सूचना दे दी है। वह अन्य रिश्तेदारों के साथ प्रयागराज के लिए चल दिए थे। पुलिस ने हिमांशु को अदालत के सामने पेश किया, जहां से उसे भेज दिया गया।