दूसरे कार्यकाल में दूसरी बार आ रहे हैं मोदी
प्रधानमंत्री मोदी अपने दूसरे कार्यकाल में मंगलवार को प्रयागराज दूसरी बार पहुंच रहे हैं। पिछले वर्ष 29 फरवरी को उन्हीं की मौजूदगी में संगमनगरी से ही एक दिन में 26 हजार से ज्यादा दिव्यांगजनों को उपकरण आदि दिए जाने का रिकार्ड बना था। हालांकि तब यूपी में चुनावी माहौल नहीं था। अब पीएम जब 20 माह के बाद प्रयागराज आ रहे हैं तो संगम नगरी पूरी तरह से चुनावी रंग में रंगी हुई है।
प्रधानमंत्री यहां प्रदेशभर से आने वाली महिलाओं ंको संबोधित तो करेंगे ही साथ ही स्वावलंबन का बड़ा संदेश देकर एक नई क्रांति की भी शुरुआत करेंगे। मातृ शक्ति का यह महाकुंभ यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले स्वरोजगार और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी की बड़ी पहल मानी जा रही है। माना जाता है कि प्रयागराज से ही पूर्वांचल की शुरुआत होती है।
ऐसे में संगमनगरी में पूर्वांचल समेत प्रदेश की सभी 75 जिलों की महिलाओं का होने वाला जमावड़ा सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रयागराज की सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी कहती हैं कि प्रयागराज का प्रदेश में अपना विशिष्ट स्थान रहा है। सांस्कृतिक, राजनीति, सामाजिक समेत हर क्षेत्र में यहां से आवाजें उठीं थीं। संगम के तट से पीएम अच्छा संदेश देने का काम करते आए हैं। वैसे भी प्रयागराज पूर्वांचल, अवध और बुंदेलखंड की त्रिवेणी का संगम है। यहां से निकले संदेश का देश भर में असर होता है।
प्रियंका के एलान के बाद से ही भाजपा बड़ा कार्यक्रम करने की कर रही थी तैयारी
पिछले दिनों कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका द्वारा यूपी चुनाव में प्रदेश की 40 फीसदी सीटों पर महिलाओं को खड़ा करने के एलान के बाद से ही भाजपा द्वारा महिलाओं को लेकर कोई बड़ा कार्यक्रम करवाने की तैयारी चल रही थी। अब 21 दिसंबर को प्रदेश के सभी जिलों से ढाई लाख महिलाएं मातृशक्ति कुंभ में यहां पहुंच रही हैं। पूर्व विधायक दीपक पटेल कहते हैं कि आधी आबादी के लिए जो कार्य भाजपा ने किए, वैसा आज तक किसी भी दल ने नहीं किया। महिलाएं भी इस बात से वाकिफ हैं कि सिर्फ भाजपा को ही उनकी फिक्र है। बाकी दल सिर्फ वोट मांगने के समय ही उन्हें याद करते हैं।
प्रदेश की सभी महिला सांसद पीएम के साथ साझा करेंगी मंच
प्रयागराज की सांसद डॉ.. रीता बहुगुणा जोशी ने बताया कि मंगलवार को परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की सभी महिला सांसद पीएम मोदी के साथ मंच साझा करेंगी। इसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, साध्वी निरंजना ज्योति, केशरी देवी पटेल, मेनका गांधी, रेखा वर्मा, हेमा मालिनी, संघमित्रा मौर्य आदि के नाम शामिल हैं। अपना दल की अनुप्रिया पटेल भी इस कार्यक्रम में शिरकत कर सकती हैं।