बेकाबू ट्रक ने सड़क की पटरी पर पैदल जा रही महिला को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे आक्रोशित लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। आग बुझाने के दौरान पुलिस से लोगों की धक्कामुक्की हुई। शव सड़क पर रखकर लोग धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे एसडीएम व एएसपी के समझाने पर पांच घंटे बाद परिजन माने। तब जाकर पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
नगर कोतवाली के पश्चिमी सहोदरपुर नया मालगोदाम रोड की रहने वाली आशा देवी जायसवाल (45) शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे पड़ोसी की दुकान पर सामान लेने जा रही थीं। इस बीच भंगवाचुंगी से रेलवे क्रासिंग की ओर जा रहे बेकाबू ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। वह ट्रक के नीचे आ गईं और पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। घटनास्थल पर ही आशा की मौत हो गई।
हादसे के बाद भाग रहे ट्रक का लोगों ने पीछा कर लिया। इस बीच मौका पाकर चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर भंगवाचुंगी की ओर आने लगी। इस बीच घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतका का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस से लोगों की तकरार होने लगी। आक्रोशित लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। आग बुझाने की कोशिश करने वाली पुलिस से भीड़ के साथ मृतक के परिजनों की धक्कामुक्की होने लगी।
जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर मोहनलाल गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया, मगर कोई सुनने को तैयार नहीं था। इस बीच एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी भी आ गए। लोग ट्रक चालक को मौके पर बुलाने, सड़क पर ट्रकों का आवागमन बंद कराने, सुर्खी साइडिंग से रेलवे मालगोदाम हटाने के साथ ही मृतका के परिवार वालों को 50 लाख रुपये दिलाने की मांग कर रहे थे। अधिकारियों के बार-बार समझाने के बाद आखिरकार पांच घंटे बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को मर्चरी भेज दिया। एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। आग समय पर पुलिसकर्मियों ने बुझा दी थी। अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।