अल्लापुर एवं उसके आसपास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। अल्लापुर से बक्शीबांध जाने के लिए पैदल यात्री पुल (एफओबी) का निर्माण होगा। इस पुल की चौड़ाई कुल छह मीटर रहेगी। महाकुंभ के पहले इस पुल का निर्माण हो जाएगा।
दरअसल, प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन को टर्मिनल बनाए जाने के बाद से रेलवे ट्रैक किनारे प्रयाग जंक्शन तक दीवार बना दी गई है। पहले दीवार न होने की वजह से लोग रेल लाइन पारकर सुबह और शाम के समय बख्शी बांध पर टहलने के लिए जाते थे। दीवार बन जाने के बाद से स्थानीय लोग लगातार मांग कर रहे थे कि अल्लापुर से बांध पर जाने के लिए पैदल पुल का निर्माण किया जाए।
स्थानीय विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी से संपर्क किया गया तो उन्होंने रेलमंत्री अश्वनी वैष्णव को इस संबंध में पत्र भेजा। रेलमंत्री के हस्तक्षेप के बाद वहां उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अफसरों ने सर्वे किया। सर्वे के बाद अल्लापुर को बक्शी बांध पंपिंग स्टेशन के समीप एफओबी बनाए जाने का निर्णय लिया गया। विधायक हर्ष ने बताया कि लखनऊ मंडल के अफसरों ने इसकी लागत तीन करोड़ रुपये बताई है। कहा कि ढाई करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाले कार्य के लिए रेलवे बोर्ड की स्वीकृति ली जाती है। लखनऊ मंडल ने स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड को प्रोजेक्ट भेज दिया है। कहा कि इसी वित्तीय वर्ष में पुल निर्माण की स्वीकृति मिल जाने की उम्मीद है।