देवघाट गांव में कविता अग्रवाल और अन्य ने करीब छह बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की थी। उसे भी ध्वस्त कर दिया गया है। प्लाटिंग करने के लिए देवघाट और दामूपुर के बीच ससुर खदेरी नदी पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से पुल का निर्माण कर दिया था। इस पुल को पीडीए ने आंशिक रूप से गिरवा दिया। एक बार पहले भी उस पुल को आंशिक रूप से गिराया गया था।
जोन- 2 के जोनल अधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि अगले दो तीन दिन में पुल को पूरी तरह से गिरा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। पीडीए के उपाध्यक्ष अरविंद चौहान ने बताया कि बिना ले आउट प्लान के कोई भी व्यक्ति प्लाट न खरीदें।
पहले भी पीडीए ने की थी कार्रवाई
अतीक के करीबियों और भूमाफिया के खिलाफ पीडीए की टीम पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। झलवा, देवघाट, भीटी, बजहा, कसारी मसारी आदि गांवों के आसपास अवैध रूप से प्लाटिंग की गई थी। माफिया के करीबियों ने ग्रामीणों को डरा धमकाकर उनसे जमीन ली थी। अब उन जमीनों को मुक्त करवाया जा रहा है।