उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस-2018 की प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट 30 मार्च को घोषित किया था। एक माह से अधिक समय बीत चुका है और आयोग ने मार्कशीट एवं कटऑफ अंक जारी नहीं किए हैं।
अब आयोग की इस कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं, आयोग के सचिव का कहना है कि जल्द ही मार्कशीट एवं कटऑफ अंक जारी कर दिए जाएंगे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि आयोग के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है कि परिणाम आने के एक माह बीत जाने के बाद भी कटऑफ अंक और अभ्यर्थियों की मार्कशीट जारी नहीं की गई।
पूर्व में अधिकतम एक एक सप्ताह में कटऑफ अंक एवं मार्कशीट जारी कर दी जाती थी। जो अभ्यर्थी पास हैं लेकिन अलग-अलग वर्ग में चयनित हैं उन्हें भी अपनी मार्कशीट देखने की जरूरत है और जो अनुत्तीर्ण है वो भी यह जानना चाहते हैं कि कितने अंक से उनका परिणाम रुका है।