दो वर्ष से कानपुर इंटरसिटी की प्रतीक्षा कर रहे यात्री
0 कोरोना की वजह से 22 मार्च 2020 को बंद हुआ था ट्रेन का संचालन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। दैनिक यात्री पिछले दो वर्ष से कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के चलने का इंतजार कर रहे हैं। कोरोना की पहली लहर के दौरान 22 मार्च 20 को ही इस ट्रेन का संचालन बंद हुआ था। दैनिक यात्रियों की पसंदीदा ट्रेन कही जाने वाली कानपुर इंटरसिटी को चलाए जाने की मांग लगातार की जा रही है। ट्रेन का संचालन कब शुरू होगा, इसे लेकर रेलवे अफसरों ने भी खामोशी की चादर ओढ़ ली है।
कानपुर इंटरसिटी का संचालन कानपुर सेंट्रल से प्रयागराज जंक्शन होेते हुए चित्रकूट तक होता है। कोरोना की पहली लहर के पूर्व कानपुर इंटरसिटी सुबह 6.30 बजे चलकर 9.40 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंच जाती थी। सुपरफास्ट श्रेणी की इंटरसिटी सुबह के समय फतेहपुर, खागा, सिराथू, भरवारी से आने वाले एवं शाम के समय प्रयागराज से उक्त स्टेशनों की तरफ जाने वाले यात्रियों की पसंदीदा ट्रेन है। चित्रकूट तक ट्रेन का विस्तार हो जाने की वजह से काफी यात्री इससे शंकरगढ़, मानिकपुर का भी सफर करते हैं। यूं तो कानपुर के लिए प्रयागराज से कई ट्रेनों का विकल्प है, लेकिन कोरोना काल में जनरल बोगियों में रिजर्वेशन की अनिवार्यता हो जाने की वजह से मजबूरी में दैनिक यात्रियों को बस या अन्य साधन का उपयोग करना पड़ता है। बीते कुछ माह के दौरान संगम एक्सप्रेस, चौरीचौरा एक्सप्रेस आदि ट्रेनों की कुछ जनरल बोगियोें में बिना रिजर्वेशन सफर की अनुमति रेलवे प्रशासन ने दी है लेकिन यात्रियों की भीड़ के मुकाबले जनरल कोच की संख्या बेहद कम है। मंडल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (डीआरयूसीसी) के सदस्य पवन श्रीवास्तव, अरुण अग्रवाल का कहना है कि रेलवे कानपुर इंटरसिटी का संचालन जल्द से जल्द शुरू करें। पवन ने ट्रेन संचालन के लिए रेल मंत्री को पत्र भेजे जाने की बात भी कही है। फतेहपुर जाने वाले दैनिक यात्री विकास सिंह, जितेंद्र प्रकाश ने कहा कि इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू होने से सैकड़ों यात्रियों का आवागमन सुगम होगा।
कोरोना की वजह से बंद हुई तमाम ट्रेनें शुरू की जा चुकी हैं। कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू करने के संबंध में प्रयास किया जाएगा।
00 मोहित चंद्रा, डीआरएम प्रयागराज।