मांडा। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के पुनरीक्षण और अंतिम प्रकाशन के बाद ब्लॉक क्षेत्र में बड़ी संख्या में दोहरे नाम उजागर हुए हैं। जांच में 69 गांवों की सूची में एक ही मतदाता के नाम की एक से अधिक प्रविष्टियां मिलने पर प्रशासन ने सत्यापन अभियान तेज कर दिया है।
एडीओ पंचायत अरुण यादव ने बताया कि मिलान के दौरान करीब 68 हजार मतदाता ऐसे पाए गए हैं, जिनके नाम अलग-अलग स्थानों की सूचियों में दर्ज हैं। इनकी अलग सूची जारी कर संबंधित अधिकारियों को जांच सौंपी गई है।
मतदान केंद्र स्तर के अधिकारी घर-घर जाकर विवरण का मिलान कर रहे हैं और पहचान के लिए आधार संख्या के अंतिम चार अंक दर्ज किए जा रहे हैं। अब तक चिन्हित 68 हजार में से करीब 15 हजार मतदाताओं का आधार विवरण दर्ज किया जा चुका है। शेष का सत्यापन जारी है।
छूटे मतदाताओं को जोड़ने की मुहिम तेज, एक हजार आवेदनों का मिलान पूरा
मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत सूची से बाहर रह गए नामों को जोड़ने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। ब्लॉक क्षेत्र के 69 गांवों में चिह्नित 1,922 संभावित मतदाताओं को सूचना-पत्र भेजकर आवश्यक प्रपत्र जमा कराने को कहा गया है।
सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग ब्लॉक कार्यालय पहुंच रहे हैं। शनिवार तक प्राप्त एक हजार से अधिक आवेदनों का मिलान कर उन्हें अभिलेखों में दर्ज कर लिया गया है।
खंड विकास अधिकारी अनीश अहमद ने बताया कि सभी प्रपत्रों की जांच जारी है। पात्र पाए जाने पर संबंधित लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। उन्होंने मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।