समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2016 की रविवार को हुई प्रारंभिक परीक्षा में परीक्षार्थियों की उपस्थिति महज 36.4 फीसदी रही। परीक्षा प्रदेश के 17 जिलों के 823 केंद्रों में आयोजित की गई। उपस्थिति कम होने की वजह कोविड-19 को माना जा रहा है। इससे पूर्व यह परीक्षा नवंबर-2016 में हुई थी, जिसमें पंजीकृत अभ्यर्थियों में आधे से अधिक उपस्थित हुए थे। हालांकि पेपर लीक प्रकरण में यह परीक्षा निरस्त कर दी गई थी।
आरओ/एआरओ परीक्षा-2016 के तहत कुल 361 पदों पर भर्ती होनी है। सामान्य चयन के 356 और विशेष (बैकलॉग) चयन के पांच पद हैं। इनमें आरओ/एआरओ के 303 पद हैं और बाकी पद राजकीय बचत में स्टेटिकल असिस्टेंट, महिला एवं बाल कल्याण में इंवेस्टिगेटर कम कंप्यूटर, बाट माप विभाग में इंवेस्टिगेटर कम कंट्रोलर, असिस्टेंट मलेरिया अफसर, जूनियर ऑडिटर जैसे विशेष योग्यता वाले हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए तीन लाख 85 हजार 122 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से महज एक लाख 40 हजार 353 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए।
इस परीक्षा के लिए नए आवेदन नहीं लिए गए थे। परीक्षा का विज्ञापन वर्ष 2016 में जारी हुआ था और नवंबर 2016 में प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक मामले में परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। उस वक्त परीक्षा में 52 फीसदी से अधिक अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे, लेकिन रविवार को दोबारा हुई परीक्षा में उपस्थिति बहुत कम रही। माना जा रहा है कि इस बार कोविड-19 के कारण उपस्थिति काफी कम रही।
यह हालत तब है, जब आयोग ने परीक्षार्थियों से उनके मनपसंद परीक्षा केंद्र के लिए तीन जिलों के विकल्प मांगे थे। परीक्षा से पूर्व तमाम अभ्यर्थियों ने कोविड-19 के कारण परीक्षा स्थगित करने की मांग की थी, लेकिन आयोग ने उन अभ्यर्थियों से कहा कि अगर परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहते हैं तो अपना अभ्यर्थन वापस ले सकते हैं। इसके बाद 147 अभ्यर्थियों ने अपना अभ्यर्थन वापस ले लिया था। नतीजा सामने है। आरओ/एआरओ-2016 में उम्मीद से काफी कम उपस्थित रही।
उपस्थिति में प्रयागराज रहा अव्वल
आरओ/एआरओ की परीक्षा में प्रदेश भर में अभ्यर्थियों की उपस्थिति भले ही निराशाजनक रही, लेकिन प्रयागराज में अभ्यर्थियों की उपस्थिति सर्वाधिक रही। प्रयागराज के 103 केंद्रों में परीक्षा के लिए 47 हजार 477 अभ्यर्थी पंजीकृत थे और इनमें से 29940 अभ्यर्थी (63.03) फीसदी उपस्थित रहे।
परीक्षा केंद्रों में हावी रही अव्यवस्था
आरओ/एआरओ-2016 की परीक्षा के दौरान ज्यादातर परीक्षा केंद्रों में अव्यवस्था हावी रही। एक बेंच पर दो-दो अभ्यर्थी बैठाए गए थे। कमरे में कुल 48 अभ्यर्थी थे। परीक्षा केंद्रों में सैनिटाइजर या हैंडवॉश की कोई व्यवस्था नहीं थी। बम्हरौली के एक केंद्र में परीक्षा देने गए अभ्यर्थी प्रशांत पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ पानी की बोतल और सैनिटाइजरर ले गए थे, लेकिन केंद्र में सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं थी।
काले कपड़े पहनकर पहुंचे कई अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए काले कपड़े पहनकर परीक्षा में शामिल होने का निर्णय लिया था। अलग-अलग केंद्रों में कई अभ्यर्थी काले कपड़े पहने नजर आए। अभ्यर्थी परीक्षा में माइनस मार्किंग लागू होने समेत कई मुद्दों को लेकर विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि आयोग ने विज्ञापन की शर्तों के विपरीत परीक्षा में माइनस मार्किंग लागू की। साथ ही अन्य परीक्षाओं में भी आयोग विज्ञापन की शर्तों से छेड़छाड़ कर रहा है।
यूपी से जुड़े सवालों की अधिकता, संतुलित रहा पेपर
प्रयागराज। आरओ/एआरओ-2016 की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को दो पालियों सुबह 9.30 से 11.30 और अपराह्न 2.30 से 3.30 बजे तक आयोजित की गई। पहली पाली में सामान्य अध्ययन का पेपर काफी संतुलित रहा और इससे उत्तर प्रदेश पर आधारित कई सवाल पूछ गए। वहीं, दूसरी पाली में हिंदी का पेपर अभ्यर्थियों को काफी आसान लगा। दोनों पेपर पुराने पैटर्न पर आधारित थे, सो अभ्यर्थियों को पेपर हल करने में ज्यादा माथापच्ची नहीं करनी पड़ी।
पहली पाली में सामान्य अध्ययन के पेपर में 140 सवाल और दूसरी पाली में हिंदी के पेपर में 60 सवाल पूछे गए। समसामयिक मुद्दों से जुड़े सात से आठ सवाल पूछे गए। सामान्य अध्ययन के पेपर में सवाल था कि 29 जून 2020 को आयोजित सांख्यिकी दिवस किस विषय पर आधारित था। 29 जून के बाद करंट अफेयर्स से संबंधित कोई सवाल नहीं पूछा गया। विज्ञान से जुड़े सवालों की संख्या बहुत कम थी। एक सवाल यह भी था कि डोनाल्ड ट्रंप की बेटी दिल्ली के किस स्कूल में गईं थीं और वहां किसकी तारीफ की। पेपर में खास यह रहा कि उत्तर प्रदेश से जुड़े तकरीबन 10 सवाल पूछे गए।
भूगोल और इतिहास से जुड़े सवालों की संख्या भी अधिक रही। अर्थव्यवस्था से भी आठ सवाल पूछे गए। रिजनिंग के भी आठ से दस सवाल थे। इसके अलावा बजट 2020-21 से संबंधित सवाल पूछा गया कि किस योजना का आवंटन घटाया गया है। करेंट अफेयर्स के तहत कुछ अन्य सवाल भी आए थे। मसलन, जनवरी 2020 में पद्मविभूषण कितने लोगों को मरणोपरांत दिया गया? जनवरी 2020 में पद्मश्री किस अभिनेत्री को दिया गया? जनवरी 2020 में नौसेना का ऑपरेशन वनीला किससे संबंधित था? संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण अभियान अजेय वरियर 2020 किन देशों के बीच संपन्न हुआ था। दूसरी पाली में विलोम के 10 सवाल, तत्सम एवं तद्भव से जुड़े 10 सवाल, पर्यायवाची से संबंधित दस सवाल पूछे गए। शुद्ध एवं अशुद्ध वर्तनी और शुद्ध वाक्यांश के बारे में भी पूछा गया।