खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने एक हजार किलो से अधिक सरसों तेल सीज कर दिया। साथ ही तेल का नमूना लेकर जांच के लिए विभागीय प्रयोगशाला में भेज दिया। इसके अलावा एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और एक्सपायरी बिस्किट भी नष्ट कराया गया। साथ ही कई दूसरे स्थानों से भी खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
विभाग के अभिहित अधिकारी अरविंद यादव के नेतृत्व में टीम ने एक वाहन रोककर उसमें रखे सरसों तेल का निरीक्षण किया। वाहन में 75 टिन (1123 किग्रा) सरसों तेल था। पूछने पर ड्राइवर ने बताया कि यह श्रेया इंटरप्राइजेज मुट्ठीगंज का तेल है। उसने इन्वॉयस भी दिखाई। जांच में टिनों पर बैचन नंबर, पैकिंग तिथि और बेस्ट बिफोर न अंकित होने पर तेल का नमूना लिया गया और तकरीबन 68 हजार रुपये मूल्य का सरसों तेल सीज कर दिया गया।
इसके अलावा म्योर रोड मेमं जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान से अलग-अलग ब्रांड की 30 बोतल एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक पकड़ी गई। साथ ही दस पैकेट एक्सपायरी चिप्स और 14 पैकेट एक्सपायरी केक पकड़ा गया। कोल्ड ड्रिंक, बिस्किट, केक मौके पर ही नष्ट करा दिया गया और दुकानदार को नोटिस जारी किया गया। टीम ने अशोक नगर में एक बेकरी से नूडल्स और सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट से चटनी का नमूना भी लिया। इसके अलावा लालगोपालगंज, सैदाबाद, कौड़िहार बाजार, हंडिया से लड्डू, खोवा, ब्लेंडेड इडिबल वेजिटेबल ऑयल, बेकरी कुकीज का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।