दिवाली तक एक हजार करोड़ से ज्यादा के कारोबार का अनुमान
ऑटो मोबाइल, ज्वैलरी और इलेक्ट्रानिक बाजार में मची हलचल
प्रयागराज। पिछले कुछ दिनों से बाजार में छाई सुस्ती के बाद रविवार को नवरात्र के आगाज से त्योहारी सीजन की शुरूआत होने के साथ ही शहर के तमाम व्यवसायिक इलाकों में दुकानें सज गईं हैं। कारोबारियों को दिवाली तक बाजार में धनवर्षा की उम्मीद है। उधर, फेस्टिवल सीजन को भुनाने के लिए तमाम कंपनियों ने एक से बढ़कर एक ऑफर पेश कर दिए हैं। नवरात्र के पहले दिन ही ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रानिक्स गुड्स मार्केट में बूम देखने को मिला। नवरात्र के पहले दिन मची हलचल से बाजार के जानकारों का अनुमान है कि इस बार दिवाली तक एक हजार करोड़ से ज्यादा का कारोबार आसानी से हो जाएगा।
दिवाली तक दस हजार वाहन बिकने की उम्मीद
कारोबारियों के मुताबिक शहरी टू व्हीलर, फोर व्हीलर पर पैसा खर्च करने को तैयार है। दिवाली तक सभी तरह के वाहनों की बिक्री का आंकड़ा दस हजार को पार कर सकता है। नवरात्र के पहले दिन ही हीरो, होंडा, टीवीएस बाइक के शोरूम के साथ ही मारुति, महिंद्रा, हुंडई आदि के शो रूम में काफी संख्या में ग्राहक पहुंचे। युनाइटेड ऑटोमोबाइल्स के ऋषि गुलाटी ने बताया कि रविवार होने के बावजूद भी आज काफी कस्टमर शो रूम पहुंचे। कुछ ने बुकिंग भी की। सोमवार से और बेहतरी की उम्मीद है। उधर, टू व्हीलर कंपनियों की ओर से ग्राहकों को तमाम ऑफर भी दिए गए हैैं। होंडा ने जहां 11 हजार रुपये तक के फायदे गिनाए हैं तो हीरो ने एक्सचेंज ऑफर, बुकिंग पर सुनिश्चित उपहार और टीवीएस ने 7200 तक की बचत का दावा किया है। कुछ ने धनतेरस के लिए अभी से ही बुकिंग करवा ली।
नवरात्र के आगाज के साथ ही इलेक्ट्रानिक बाजार दौड़ा
शारदीय नवरात्र के आगाज के साथ ही सिविल लाइंस, कटरा आदि इलाकों में स्थित शोरूम के अंदर एवं बाहर टीवी, फ्रिज, वॉशिंगमशीन, एसी आदि उत्पादों को सजा दिया गया। रविवार होने की वजह से चौक में रौनक थोड़ी कम रही। लकी ट्रेडर्स के अखिलेश सिंह और इलाहाबाद इलेक्ट्रानिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष शशांक जैन का कहना है कि बाजार में पिछले कुछ दिनों से छाई सुस्ती आज दूर होती नजर आई। नवरात्र के पहले दिन बेहतर रिस्पांस ग्राहकों का मिला। ग्राहक भी अब कामचलाऊ आइटम की बजाय गुणवत्ता वाले उत्पादों को ही खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। केके सेल्स सिविल लाइंस के प्रोपराइटर केके श्रीवास्तव ने कहा कि रविवार होने के बावजूद भी बाजार में अच्छी रौनक रही। सैमसंग, सोनी, एलजी, हायर, आईएफबी के प्रोडक्ट ग्राहक पसंद कर रहे हैं। दिवाली तक अच्छी सेल की उम्मीद है। तमाम प्रोडक्ट ऑन लाइन के मुकाबले सस्ते हैं। ऑन लाइन कारोबार से निपटने के लिए ग्राहक कनेक्ट और कम मुनाफा ही इस बार का मूल मंत्र है। इस बार तमाम कंपनियों की ओर से कैश बैक ऑफर दिया गया है।
सर्राफा बाजार में ऑफर, रियल स्टेट में भी हलचल
फेस्टिवल सीजन की शुरूआत के साथ ही शहर के ज्वैलरी शो रूम में सजावट आदि शुरू कर दी गई है। रविवार होने की वजह से पहले दिन सर्राफा बाजार में ज्यादा हलचल तो नहीं रही लेकिन, तमाम ज्वैलर्स की ओर से ऑफर जरूर पेश किए गए। तनिष्क की ओर से गोल्ड और डायमंड ज्वैलरी की बनवाई पर 25 फीसदी की छूट दी गई। पीसी ज्वैलर्स ने 30 प्रतिशत तक की छूट का ऑफर दिया। इसी तरह रिलायंस ज्वैलस ने भी सोने और हीरे के गहने की बनवाई पर 25 फीसदी की छूट का ऑफर दिया है। राणा ज्वैलर्स के आनंद सिंह ने बताया कि रविवार को शोरूम बंद था। सोमवार से बेहतर कारोबार की उम्मीद है। उधर रियल स्टेट में नवरात्र के पहले दिन हलचल दिखाई दी। पारस ग्रुप के योगेश गोयल ने बताया कि आज फ्लैट आदि के संबंध में काफी लोगों ने पूछताछ की। ऐसे में उम्मीद है कि कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। रुद्र ग्रुप की ओर से भी फेस्टिव ऑफर दिए गए हैं।
दिवाली तक अनुमानित कारोबार
चारपहिया-दुपहिया वाहन 350-400 करोड़
ज्वैलरी बाजार 210-220 करोड़
इलेक्ट्रानिक्स बाजार 115-130 करोड़
रियल स्टेट 80-100 करोड़
इलेक्ट्रानिक गैजेट्स 50-60 करोड्
फर्नीचर 40-50 करोड़
गारमेंट, फुटवियर 30-40 करोड़
अन्य 50-70 करोड़