अल्लापुर-धूमनगंज में ट्रांसफारमर जले,बघाड़ा-टैगोर टाउन फीडर घंटों बंद
धूमनगंज की चार कॉलोनियों में 30 घंटे से बिजली-पानी ठप
प्रयागराज। शारदीय नवरात्रि शुरू होने के साथ ही रविवार को शहर के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। फाल्ट के चलते बघाड़ा और टैगोरटाउन फीडरों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही तो अल्लापुर में ट्रांसफारमर जलने से कई मुहल्लों की बत्ती गुल हो गई। ट्रांसफारमर जलने से धूमनगंज के ट्रांसपोर्ट नगर में महेंद्र नगर, गयासुद्दीनपुर, गंगा विहार, बजरंग विहार कालोनी में पिछले 30 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है। इसके विरोध में लोगों ने शाम को उपकेंद्र केसामने प्रदर्शन भी किया, लेकिन ट्रांसफारमर नहीं बदला जा सका।
गति चौराहे के पास लगे 630 केवीए क्षमता के ट्रांसफारमर के पखवाड़े भर में तीसरी बार फिर जल गया। इससे शहर पश्चिमी के एक बड़े हिस्से में बिजली केसाथ पानी न होने से लोग बेहाल हो उठे हैं। इस समस्या को लेकर नागरिकों ने सुबह से ही दबाव बनाना शुरू कर दिया था। शाम को उपकेंद्र पर शोर-शराबा शुरू हो गया। हंगामा और प्रदर्शन के बावजूद स्थिति जस की तस बनी रही। एक्सईएन-एसडीओ ट्रांसफरमर न होने का रोना रोते रहे।अलबत्ता शाम को अभियंताओं को फोन स्विच्ड ऑफ हो गए। बिजली के साथ ही पानी न आने से नवरात्रि व्रत रखने वाले व्रतियों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गनीमत थी कि रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने की वजह से स्कूल और दफ्तर बंद रहे, वरना दिक्कत और बढ़ जाती। उधर, अल्लापुर में ट्रांसफारमर जलने से बाघंबरी गद्दी समेत कई इलाकों में बत्ती गुल हो गई। यहां देर शाम तक ट्रांसफारमर बदलने की मशक्कत की जा रही थी।
बाढ़ प्रभावित बघाड़ा में एक ट्रांसफारमर चालू
प्रयागराज। बाढ़ का पानी खिसकने के साथ ही कछारी इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल करने की शुरुआत हो गई है। रविवार को बघाड़ा में पखवारे भर से बंद एक ट्रांसफारमर चालू कर दिया गया। एसडीओ विजय तिवारी के मुताबिक सोमवार को इस क्षेत्र का एक और ट्रांसफारमर चालू किया जाएगा। बाढ़ केपानी से बस्तियों के घिरने के बाद यहां सात ट्रांसफारमर बंद किए गए थे।