भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
भारतीय जनता पार्टी ने अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव का शंखनाद पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में संगमनगरी से कर दिया है। रविवार को केपी कालेज ग्राउंड में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने तय हुआ कि कांग्रेस मुक्त भारत के साथ अब यूपी को सपा और बसपा से मुक्त किया जाएगा। पार्टी सांसदों से आह्वान किया गया कि वे मोदी सरकार की दो साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं ताकि हर आम आदमी जान सके कि बीते दो साल में सरकार ने क्या किया है।
वंदे मातरम से शुरुआत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, लाल कृष्ण आडवाणी की मौजूदगी में अगले साल होने वाले यूपी विधानसभा चुनाव के रोडमैप पर चर्चा की गई। कहा गया कि दलित वोटरों पर पार्टी ज्यादा फोकस करे। किसानों और दलितों से जुड़े तमाम मामलों को पार्टी के नेता गंभीरता से लें। अब चुनाव में वक्त काफी कम रह गया है। इसलिए सक्रिय हो जाएं। सांसद अपने संसदीय क्षेत्र में केंद्र सरकार की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करें।
कार्यकर्ताओं का उपयोग करते हुए पार्टी की नीतियां एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। इस काम में पार्टी नेता सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल करें क्योंकि इसकी पहुंच अब गांवों तक भी हो गई है। बताया जाए कि यूपी में अब भाजपा ही एक मात्र विकल्प है। भाजपा को लेकर देश में वातावरण बना हुआ है। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। किसान आर्थिक रूप से कैसे मजबूत हों, उस पर भी फोकस किया जाए।