घूरपुर। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मत्स्य पालन संजय निषाद की अगुवाई में सोमवार को संवैधानिक अधिकार यात्रा का सोमवार को कंजासा गांव पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित जनसभा सभा में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि आज प्रदेश के निषाद जाग चुके हैं। अब उनसे उनका कोई अधिकार नहीं छीन सकता।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से अन्य जातियों के लोग एकजुट हैं। उसी तरह से हमें भी एकजुट रहना पड़ेगा। तभी हम अपने अधिकार पा सकेंगें। भाजपा सरकार की उपलब्धियां की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में पुलिस आए दिन निषादों को परेशान करती थी, उन्हें झूठे मामलों में फंसाती थी। लेकिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में उन्हें पूरा सम्मान दिया गया है। आज हर जगह निषादों को सम्मान और भागीदारी मिल रही है।
उन्होंने सभी से एकजुट रहने की अपील की। इस मौके पर पार्टी के जिला अध्यक्ष रामटहल निषाद, प्रदेश संगठन मंत्री संजीत निषाद, आलोक निषाद, ग्राम प्रधान मीना देवी निषाद, प्रधान प्रतिनिधि दिनेश कुमार निषाद, नितीश निषाद, दिलीप निषाद और बाबूराम निषाद आदि मौजूद रहे।