इलाहाबाद। यूपी में इलाहाबाद सहित 16 जिलों में सफेद कैरोसिन ऑयल खुले बाजार में मिलेगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकार को अपनी अनुमति दे दी है। ऑयल कंपनियां सफेद केरोसिन ऑयल की बिक्री थोक विक्रेताओं के माध्यम से करेंगी। ऑयर बाजार मूल्य पर बेचा जाएगा। वर्तमान में इसका बाजार मूल्य 60 रुपये प्रति लीटर के आसपास है लेकिन यह किस रेट पर बिकेगा, इसका निर्धारण अभी नहीं हुआ है। सफेद केरोसिन ऑयल की बिक्री को लेकर शासन स्तर से दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
यूपी में 12 साल पहले खुले बाजार में सफेद केरोसिन ऑयल की बिक्री की जाती थी लेकिन बाद में इस पर प्रतिबंध लगा दिया गया और सिर्फ सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत नीले रंग के केरोसिन ऑयल की बिक्री का निर्णय लिया गया। केरोसिन ऑयल का रंग नीला इसलिए रखा गया ताकि खुले बाजार में कालाबाजारी के दौरान इसे आसानी से चिह्नित किया जा सके। हालांकि इसके बावजूद सब्सिडी वाले नीले केरोसिन ऑयल की खुले बाजार में कालाबाजारी होती रही।
अब केंद्र सरकार ने यूपी में इलाहाबाद सहित 16 जिलों में सफेद केरोसिन ऑयल की बिक्री की अनुमति दे दी है। इलाहाबाद के साथ बस्ती, कौशाम्बी, संतकबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, फैजाबाद, मैनपुरी, मिर्जापुर, मेरठ, आजमगढ़, चंदौली, लखीमपुर, जौनपुर, गोरखपुर, सीतापुर एवं सोनभद्र में भी इसकी बिक्री होगी। सरकार की मंशा है कि जिन लोगों के पास राशन कार्ड नहीं हैं, वे बाजार से सफेद केरोसिन ऑयल खरीद सकें। इसके कालाबाजारी भी कम होने की संभावना है।
एआरओ नीलेश उत्पल ने बताया कि इस बाबत आदेश मिल गए हैं। कंपनियां थोक विक्रेताओं के माध्यम से सफेद केरोसिन ऑयल की बिक्री करेंगी। इसके लिए थोक विक्रेताओं को अलग से टैंक लगाना होगा और पूरा लेखाजोखा अलग तैयार करना होगा। अगर कोई उपभोक्ता 12 केएल या इससे अधिक ऑयल की मांग करता है तो सीधे कंपनी से ऑयल सप्लाई हो जाएगा। कोई उपभोक्ता 20 लीटर या उससे कम सफेद केरोसिन ऑयल लेना चाहता है तो थोक विक्रेता से खरीद सकेगा।