सीबीएसई पैटर्न का बोर्ड लगाकर मनमाने तरीके से आठवीं तक का स्कूल चलाने वाले अब सावधान हो जाएं। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अब छठवीं से आठवीं कक्षा तक के स्कूलों के लिए मान्यता लेना अनिवार्य कर दिया है।
बोर्ड की ओर से जारी सूचना में इन स्कूलों को भी अब एफिलेशन बाइलाज में शामिल किया गया है। इस बदलाव को 2019 से ही लागू कर दिया गया है। सीबीएसई के इस बदलाव के बाद स्कूलों को नौवीं और दसवीं के लिए मान्यता लेना ज्यादा आसान हो जाएगा।
बोर्ड के इस निर्णय के बाद बिना मान्यता स्कूल चलाने वालों पर लगाम लगने के साथ आठवीं के नौवीं में दाखिले के लिए बाद छात्र-छात्राओं को भटकना नहीं पड़ेगा।
देश के हर शहर में सैकड़ों की संख्या में सीबीएसई पैटर्न का बोर्ड लगाकर स्कूल चलाए जा रहे हैं। ऐसे स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को आठवीं पास करने के बाद नौवीं में प्रवेश के दौरान परेशानी होती है। सीबीएसई के बदले नियम के बाद अब स्कूल वाले मनमानी नहीं कर सकेंगे।