उक्त अवधि में प्रयागराज के एसी थ्री में क्रमश: 144, 291 एवं 113 और एसी टू में नौ को 111, दस को नो रूम और 11 को प्रतीक्षा सूची 84 पर पहुंच गई है। नई दिल्ली से आने वाली पुरुषोत्तम के स्लीपर में क्रमश: 233, 392 एवं 364 एवं रीवा में आठ से 11 नवंबर तक नो रूम है। तकरीबन यही स्थिति दिल्ली हमसफर, शिवगंगा एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट, ब्रह्मपुत्र मेल आदि ट्रेनों की भी है।
ट्रेनों में जगह न मिल पाने की वजह से कुछ लोगों ने फ्लाइट से आने का कार्यक्रम बनाया, लेकिन पर्व के पहले दिल्ली से प्रयागराज आने वाली विमानन कंपनी इंडिगो का किराया 20 हजार रुपये से ज्यादा हो जाने की वजह से लोग पशोपेश में है कि वह फ्लाइट से प्रयागराज जाएं या नहीं। इसी तरह बंगलूरू, मुंबई से भी प्रयागराज का किराया 23 हजार से ज्यादा का हो चुका है।
दिल्ली रूट से प्रयागराज आने वाले लोगों की समस्या को देखत हुए यूपी रोडवेज ने दिल्ली के लिए अतिरिक्त बसों को चलाने की तैयारी की है। प्रयागराज परिक्षेत्र की इन बसों का संचालन आनंद विहार दिल्ली एवं कौशांबी गाजियाबाद से होगा। रोडवेज सात या आठ नवंबर से अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू करेगा। बसों की समय सारिणी सोमवार को जारी की जा सकती है।