नैनी में प्रेमी युगल को गोली मारने और युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस को जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य मिले हैं। हर बिंदु पर पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है। कई लोगों से बातचीत के बाद पुलिस की जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। हालांकि पुलिस ने लड़की के पिता शिवम मिश्रा को हिरासत में ले लिया है। साथ ही घटना स्थल से बरामद पिस्टल और चार खोखे को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट मामले की छानबीन में जुट गए हैं।
घटना के मामले में लड़की के पिता शिवम ने थाने में जो तहरीर दी है उसके अनुसार लड़का उनकी लड़की से मिलने के लिए भोर में तीन और चार के बीच घर पहुंचा था। दोनों में क्या बात हुई उन्हें नहीं पता, लेकिन जब गोली चलने की आवाज आई तो वह देखने के लिए छत पर पहुंच गए। वहां लड़की जमीन पर तड़प रही थी, जबकि लड़के की सांसें थम चुकी थीं। लड़की के हाथ में उनका लाइसेंसी पिस्टल था। यह भी आरोप है कि लड़की ने पहले लड़के के सीने में गोली मारी, इसके बाद खुद को भी गोली मारकर खत्म करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान बच गई।