उतरांव थाना क्षेत्र के छबीलहा गांव में रविवार रात जमीन के बंटवारे को लेकर भतीजे ने चाचा को चाकू से गोद दिया। पेट में चाकू लगने से चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर उतरांव पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन आननफानन घायल को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां सही इलाज नहीं मिलने पर सोमवार को उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां सोमवार रात मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर उतरांव पुलिस ने पिता, दो बेटे, पत्नी सहित एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
उतरांव थाना क्षेत्र के छबीलहा गांव निवासी अनिल कुमार श्रीवास्तव (42) व ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव श्रीवास्तव घर के बाहर बैठे थे। रविवार को तकरीबन नौ बजे रात भतीजा सत्यम गालीगलौज देते हुए उनके दरवाजे पर लाठी डंडा चाकू लेकर आ गया। शोरशराबा सुनकर उसका भाई शिवम व पिता सतीश कुमार, मां मंजू देवी भी पहुंचकर गाली गलौज देते हुए ईंट पत्थर चलाने लगे।
इसी बीच सत्यम ने अपने चाचा अनिल कुमार श्रीवास्तव के पेट में चाकू से हमला कर दिया। बीचबचाव करने जब उनके भाई ज्ञानचंद श्रीवास्तव पहुंचे तो उनकी भी पिटाई कर दी गई। तब तक इनके घर की महिलाएं व पिता प्रेम कुमार मौके पर पहुंच गए। गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया। परिजन पुलिस को सूचना देकर घायल अनिल कुमार श्रीवास्तव को जिला अस्पताल ले गए। यहां सही इलाज न होने पर घरवाले सोमवार दोपहर उनको निजी अस्पताल ले गए। यहां रात में उनकी मौत हो गई।