कवि सम्मेलन रहा एनसीआर के राजभाषा पखवाड़ा के समापन का मुख्य आकर्षण
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) मुख्यालय में मनाए जा रहे राजभाषा पखवाड़ा का समापन समारोह सोमवार को हुआ। इस अवसर राजभाषा पखवाड़ा के दौरान हुई तमाम प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रेलकर्मियों को अपर महाप्रबंधक अरुण मलिक ने सम्मानित किया। समापन समारोह का मुख्य आकर्षण कवि सम्मेलन रहा। इसमें कवियों ने अपने सरस काव्य पाठ से श्रोताओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर राजभाषा प्रदर्शनी भी विशेष रूप से लगाई गई।
एनसीआर मुख्यालय में हुए कवि सम्मेलन में केके सिंह मंयक, भूषण त्यागी, फरमूद इलाहाबादी, उदय भान पांडेय आदि ने काव्य पाठ किया। इसके पूर्व अपर महाप्रबंधक अरुण मलिक ने कहा कि एनसीआर का क्षेत्र हिंदी के विख्यात साहित्यकारों की जन्मस्थली और कर्मस्थली रहा है। प्रयागराज को साहित्य एवं संस्कृति की राजधानी भी कहा जाता है। रेलवे स्टेशनों पर हिंदी के प्रयोग से यात्रियों के प्रति हमारे सामाजिक दायित्व की पूर्ति के साथ हमारा व्यावसायिक पक्ष भी मजबूत होगा। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक ने तमाम प्रतियोगिताओं के 77 विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर पिछले दिनों रेलमंत्री राजभाषा रजत पदक से सम्मानित मुख्य बिजली लोको इंजीनियर अनुपम सिंहल को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चंद्रभूषण पांडेय, शैलेंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।