रेलवे की नई समय सारिणी रविवार एक अक्तूबर से प्रभावी हो जाएगी। रेलवे की नई समय सारिणी में इस बार उत्तर मध्य रेलवे जोन में चलने वाली छह नई ट्रेनों को जगह दी गई है। समय सारिणी में छह ट्रेनों के विस्तार एवं कालिंदी एक्सप्रेस समेत दो ट्रेनों के बदले जाने वाले नंबर का भी उल्लेख किया गया है। प्रयागराज-अहमदाबाद सुपरफास्ट ट्रेन का समय भी अगले माह से बदलने जा रहा है। अब यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार शाम सात बजे की जगह दस मिनट पूर्व 6.50 बजे जंक्शन से रवाना होगी।
बीते कुछ वर्ष से रेलवे की नई समय सारिणी एक अक्तूबर से ही लागू हो रही है। पहले यह एक जुलाई से प्रभावी होती थी। समय सारिणी में इस बार छह नई ट्रेनों को जगह दी गई है। इसमें 20961/20962 उधना-बनारस, 20657/20658 हुबली-हजरत निजामुद्दीन, 04185/04186 फफूंद मेमू, 20171/20172 रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस, 12945/12946 वेरावल-बनारस सुपरफास्ट को शामिल किया गया है। हालांकि इन ट्रेनों का संचालन पूर्व में शुरू हो चुका है, लेकिन समय सारिणी में इसे एक अक्तूबर से शामिल किया जा रहा है।