प्रयागराज। कर्नलगंज में मजार चौराहे के पास बेकाबू फॉर्च्यूनर की टक्कर से सेना के जवान अमरेंद्र पांडेय (32) समेत दो की मौत हो गई। दोनों बाइक से जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ। दूसरा मृतक रामसजीवन यादव एनसीसी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर आरोपी फॉर्च्यूनर चालक मो. उमर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मूल रूप से बलिया के रहने वाले अमरेंद्र सेना में हवलदार थे और मौजूदा समय में कैंट में तैनात थे। जबकि रामसजीवन(28) झूंसी के सोनौटी(ढोलबजवा) गांव का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, दोपहर दो बजे के करीब दोनों किसी काम से बाइक से निकले थे। अभी वह मजार चौराहे के पास पहुंचे थे कि तभी सामने से आ रही बेकाबू फॉर्च्यूनर से उनकी बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी
जबरदस्त थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। उधर बाइक से भिड़ंत के बाद बेकाबू फॉर्च्यूनर सड़क किनारे स्थित खड्ड में जा गिरी। हादसे में बाइकसवार अमरेंद्र व रामसजीवन गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
रामसजीवन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अमरेंद्र को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां कुछ देर बाद इलाज के दौरान
उनकी भी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिली तो सेना के अफसर भी आ गए। हादसे में फॉर्च्यूनर चालक उमर भी जख्मी हुआ। सीओ कर्नलगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया कि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही फॉर्च्यूनर को भी कब्जे में ले लिया गया है।
अधूरी रह गई परिवार से मिलने की ख्वाहिश
पुलिस ने बताया कि अमरेंद्र का परिवार वर्तमान में भोपाल में रहता है। हादसे की जानकारी पर मौके पर पहुंचे सैन्यकर्मियों ने बताया कि वह जल्द ही छुट्टी लेकर घर भी जाने वाले थे। लेकिन इसके पहले ही यह हादसा हो गया।
खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम
मृतक रामसजीवन के घर हादसे की खबर पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। पति की मौत की खबर पर पत्नी नीलम बेसुध हो गई। पांच साल की बेटी स्वरा और तीन साल के बेटे अमित का भी रो-रोकर बुरा हाल था। वह छह भाइयों में तीसरे नंबर पर था। हादसे की जानकारी पर ग्रामीण भी ढाढस बंधाने के लिए जुटे रहे।
परिचित की थी फॉर्च्यूनर
पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक उमर ने बताया कि वह कैंट का रहने वाला है। उसने बताया कि फॉर्च्यूनर कार उसके पिता के परिचित वकील की है। पुलिस का कहना है कि फॉर्च्यूनर बेली निवासी अधिवक्ता की बताई जा रही है। उनका पता लगाया जा रहा है।