दो दिन से पानी की किल्लत, अफसरों ने चुप्पी साधी
प्रयागराज। अल्लापुर के पांच मोहल्लों के तीन हजार घरों के नल दो दिन से सूखे हैं। पानी की किल्लत से परेशान लोग भटक रहे हैं। लोग डिब्बा-बाल्टी लेकर भटक रहे हैं, लेकिन जलकल विभाग के अफसर चुप्पी साधे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी जलापूर्ति बहाल करने की कार्रवाई नहीं की जा रही है।
अल्लापुर के लेबर चौराहे पर जलकल विभाग के कर्मचारियों ने खराबी दूर करने के लिए बड़ा गड्ढा खोदा है। गड्ढे में भरा पानी आसपास की सड़कों-गलियों में जलजमाव का कारण बना है। दो दिन से लोग शिकायत कर रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई।
क्षेत्र के किदवई नगर, रामानंद नगर, लेबर चौराहा, पटेल चौराहा, बाघंबरी हाउसिंग स्कीम समेत अन्य मोहल्लों में भी पेयजल किल्लत है। रामानंद नगर के संतोष, अखिलेश के मुताबिक शनिवार रात दिन भर के बाद दस मिनट के लिए पानी आया फिर नल खूख गए। वहीं रविवार को दिन भर पानी नहीं मिला। इस संबंध में जलकल विभाग के महाप्रबंधक से कई बार संपर्क का प्रयास किया गया लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। लोगों का कहना है कि सोमवार को महिलाएं तीज का व्रत करेंगी। जलापूर्ति बाधित रही तो उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।