Muskan Tennis Player Allahabad University
- फोटो : CITY DESK
संयुक्त संघर्ष समिति ने कहा जिले से ही नहीं प्रदेश के अलग-अलग भागों से मुस्कान की मदद को बढ़े हाथ
प्रयागराज। सॉफ्ट टेनिस की वर्ल्ड चैम्पियनशिप में भारतीय टीम में चुनी गई इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्रा मुस्कान की विवि के छात्रों ने मदद की। विवि छात्रसंघ भवन पर संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन कर रहे छात्रों ने बुधवार को मुस्कान के घर जाकर इस अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी के लिए एकत्रित धनराशि भेंट किया। संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी की मदद के लिए आगे आए हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने मुस्कान की ओर से उपलब्ध कराए खाते में धनराशि ट्रांसफर की। छात्रों का कहना है कि 19 सितंबर को दोपहर तक छात्रा की जरूरत के अनुरूप धनराशि एकत्र कर लेंगे।
छात्रसंघ की पहल पर इविवि की बीएससी की छात्रा एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी की मदद के लिए प्रयागराज सहित प्रदेश के अन्य भागों से मदद के लिए लोग आगे आए हैं। मुस्कान को धनराशि सौपने के बाद छात्रसंघ अध्यक्ष उदय प्रकाश यादव एवं उपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हम मुस्कान के खेल में कोई आर्थिक अवरोध नहीं आने देंगे। छात्रों ने कहा कि विवि प्रशासन और जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी को परेशान होना पड़ा। छात्रों का कहना था कि एक जरूरतमंद खिलाड़ी विवि एवं डीएम कार्यालय के चक्कर काटती है परंतु उसकी आवाज कोई सुनने वाला नहीं होता। इस संबंध में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. चित्तरंजन कुमार का कहना है कि विवि की ओर से मुस्कान की हर संभव मदद की जाएगी। इस बारे में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. हर्ष कुमार ने कुलपति कार्यालय को अवगत कराया है, हम मुस्कान के परिवार के संपर्क में हैं।