अंतर्राष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी की मदद को बढ़े कई हाथ
प्रयागराज, 19 सितंबर। संगम नगरी की गोल्ड गर्ल मुस्कान यादव के चीन जाने का रास्ता साफ हो गया है। सॉफ्ट टेनिस की वर्ल्ड चैंपियनशिप में शामिल होने के लिए एमेच्योर साफ्ट टेनिस की स्टेट फेडरेशन ने जरूरी रकम जमा करा दी है। वहीं, मुस्कान को अतिरिक्त मदद के लिए भी कई हाथ बढ़े हैं। किसी ने मुस्कान को चेक तो किसी ने स्पॉन्सरशिप दी है।
मुस्कान ने नवंबर 2018 में कोरिया में आयोजित थर्ड जूनियर सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में चौथा स्थान स्थान हासिल किया था जबकि इस वर्ष 23 से 31 मार्च तक लखनऊ में आयोजित 16वीं सीनियर सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा दोनों में गोल्ड मेडल जीता था। इसी काबिलियत की वजह से मुस्कान को चीन में 25 अक्तूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने जा रही सॉफ्ट टेनिस की वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है।
आर्थिक तंगी से जूझ रही मुस्कान के लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ ने सबसे पहले मदद के लिए हाथ बढ़ाए। कुछ दिनों पहले तक फेडरेशन की ओर से मुस्कान को कोई मदद नहीं मिल पा रही थी लेकिन हल्ला मचा तो फेडरेशन ने मुस्कान के चीन जाने के लिए 1.20 लाख रुपये जमा करा दिए। मुस्कान का कहना है कि बृहस्पतिवार को उसकी बात फेडरेशन के सचिव से हुई और उन्होंने बताया कि फेडरेशन की ओर से आवश्यक धनराशि जमा कर दी गई है।
एमएलसी बासुदेव ने दिया 50 हजार का चेक
फेडरेशन के मदद मिलने के बाद भी एमएलसी बासुदेव यादव ने बृहस्पतिवार को सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी मुस्कान को 50 हजार रुपये का चेक दिया। बासुदेव यादव का कहना है कि मुस्कान को आगे बढ़ने के लिए भविष्य में बाधा का सामना न करना पड़े और उसके अन्य खर्चे पूरे हो सकें, इसलिए उन्होंने मुस्कान को 50 हजार रुपये का चेक दिया। उन्होंने मुस्कान को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कामना की कि मुस्कान स्वर्ण पदक के साथ भारत लौटे।
कैबिनेट मंत्री नंदी ने दिए 25 हजार रुपये
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी इन दिनों विदेश यात्रा पर गए हैं। एबीवीपी और संयुक्त संघर्ष सिति के सदस्यों ने उन्हें फोन पर मुस्कान की समस्या से अवगत कराया तो मंत्री ने तुरंत अपने कार्यालय में फोन कर मुस्कान को मदद मुहैया कराने के लिए निर्देश दिए। उनके कार्यालय के लोगों ने तत्काल प्रभाव से 25 हजार रुपये की राशि संयुक्त संघर्ष समिति को सौंपी। समिति के प्रतिनिधिमंडल ने गोविंदपुर में कैलाशपुरी कॉलोनी स्थित मुस्कान के आवास पर जाकर यह धनराशि सौंपी।
रंग लाया छात्रसंघ का प्रयास, मिले 50 हजार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष अखिलेश यादव, पूर्व अध्यक्ष ऋचा सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा समेत तमाम पदाधिकारियों के प्रयास से मुस्कान की मदद के लिए कई संगठन, संस्थान एवं जनप्रतिनिधि भी आगे आए और उन्होंने भी मुस्कान को हजारों रुपये रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराई। इनमें रोटरी क्लब, क्लाईमैक्स कोचिंग, गोल्ड जिम, प्रतापगढ़ के सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव, समाजवादी छात्रसभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान ने कुल 50 हजार रुपये दिए हैं। रोटरी ने मुस्कान को स्पॉन्सरशिप देने का निर्णय भी लिया है। वहीं खेलगांव पब्लिक स्कूल के निदेशक यूके मिश्र एवं इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष आईके चतुर्वेदी ने दस-दस हजार रुपये की मदद उपलब्ध कराई है।